हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले में पुलिस पर चालान के नाम पर वसूली के आरोप लगे हैं। यहां पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान पर पैसे लेने के आरोप लगे हैं। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस वाला कह रहा है कि गूगल पे ही कर दे या फिर कोर्ट में चालान भुगतना चाहता है।
दरअसल, कांगड़ा जिले के बंगलामुखी माता मंदिर से 2-3 किलोमीटर पहले देहरा की ओर जाने वाले रास्ते पर यह घटना पेश आई है। नालागढ़ के भटोली गांव के युवक मोहित कुमार अपने दोस्त के साथ बाइक पर बंगलामुखी माता मंदिर मंदिर गए थे। दर्शन के बाद जब वे वापस देहरा की तरफ आ रहे थे, तो मंदिर से 2-3 किलोमीटर आगे पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस ने पहले लाइसेंस मांगा, जिसे युवक ने दिखा दिया।
उसके बाद पुलिस ने बाइक की पॉल्यूशन कॉपी मांगी तो मोहित ने बताया कि अभी पॉल्यूशन की कॉपी नहीं है और वह फोन करके अपने भाई से कॉपी मंगवा लेते हैं हालांकि, भाई ने फोन नहीं उठाया। तब पुलिस वाले ने साफ कहा, ₹5000 का चालान कटेगा और कोर्ट जाना पड़ेगा, या फिर ₹1000 दे दो, यहीं निपटा देते हैं।”
जब युवक ने कहा कि कैश नहीं है, तो पुलिसकर्मी ने गूगल पे करके पैसे देने के लिए कहा। इस पर फिर नीरज कुमार नाम के गूगल पे पर पैसे ट्रांसफर किए गए हालांकि, ट्रांजेक्शन फेल हो गई थी और फिर युवक का पांच हजार रुपये चालान काट दिया गया।
मोहित कुमार ने इस पूरे घटनाक्रम की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है। उन्होंने बताया कि वे गरीब परिवार से हैं और दिन-रात मजदूरी करके परिवार का गुजारा करते हैं। ₹5000 का चालान उनके लिए असंभव है।मोहित कुमार ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, विजिलेंस विभाग और पुलिस के उच्च अधिकारियों से अपील की है कि ऐसे भ्रष्ट पुलिसकर्मियों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम गरीब युवाओं को आगे से इस तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।
मोहित कुमार ने संबंधित पुलिस कर्मचारियों पर धमकाने और गाली – गलौच के बीच गंभीर आरोप जुड़े हैं। इस मामले पर देहरा के एसपी मयंक चौधरी से भी फोन पर बातचीत करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया और पुलिस की प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई।

