बेहद प्यारी और प्रेरक खबर: ओवरलोड टिप्पर ने सड़क पर बिखेरी बजरी, नन्ही बच्चियों ने झाड़ू लगाकर टाला हादसों का खतरा

--Advertisement--

हिमखबर डेस्क

समाज के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता उम्र की मोहताज नहीं होती। इस बात को हमीरपुर जिले की दो नन्ही बच्चियों ने सच कर दिखाया है। शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर टौणीदेवी पुलिस चौकी के पास इन बच्चियों ने कुछ ऐसा किया, जिसने वहां से गुजरने वाले हर शख्स को उनके सामने नतमस्तक होने पर मजबूर कर दिया।

ओवरलोड वाहन की लापरवाही से सड़क पर बिखरी बजरी को इन बच्चियों ने करीब 45 मिनट तक झाड़ू लगाकर साफ किया, ताकि कोई दोपहिया या अन्य वाहन दुर्घटना का शिकार न हो। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे टोनी देवी पुलिस चौकी के पास से एक ओवरलोड टिप्पर क्रशर से बजरी लेकर टौणीदेवी कस्बे की तरफ जा रहा था। क्षमता से अधिक भरा होने के कारण टिप्पर से लगातार बजरी सड़क पर गिर रही थी, जो दोपहिया वाहनों के फिसलने का एक बड़ा कारण बन सकती थी।

इसी दौरान पुलिस चौकी के समीप एक घर की छत पर खेल रहीं दो बच्चियों नभी और संचिता चौहान की नजर सड़क पर गिर रही बजरी पर पड़ी। बच्चियों ने अपनी समझदारी से भांप लिया कि यह बिखरी हुई बजरी वाहन चालकों के लिए खतरनाक हो सकती है। दोनों बच्चियां बिना अपने परिजनों को बताए तुरंत घर से झाड़ू लेकर सड़क पर पहुंच गईं और नैशनल हाईवे से बजरी साफ करने में जुट गईं।

नन्हें हाथों से करीब पौने घंटे तक सड़क बुहारती इन बच्चियों को देखकर वहां से गुजर रहे छोटे-बड़े वाहन चालक भी हैरान रह गए। कई लोगों ने अपने वाहन रोककर बच्चियों के इस जज्बे और नागरिक कर्तव्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

यह घटना जहां एक ओर बच्चियों की बेहतरीन परवरिश और समाज के प्रति उनकी सोच को दर्शाती है, वहीं दूसरी ओर पुलिस चौकी के ठीक नाक के नीचे से गुजर रहे ओवरलोड वाहनों की बेखौफ आवाजाही पर भी एक मूक सवाल खड़ा करती है।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

दर्दनाक हादसा, सड़क धंसने से 300 फीट गहरी खाई में गिरी पिकअप; एक युवक की मौत

चम्बा - भूषण गुरुंग चंबा जिले के भरमौर के थल्ला...

सात से पहले आएगा पंचायत रोस्टर, एक सप्ताह तक चुनाव आचार संहिता लगने का अनुमान

हिमखबर डेस्क हिमाचल में पंचायती राज चुनाव के लिए अब...