हिमखबर डेस्क
कुल्लू-मनाली वामतट मार्ग पर जगतसुख में एक महिला का शव बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक महिला के गले में निशान हैं। आशंका जताई जा रही है कि गला घोंटकर महिला की हत्या की गई है। मौके की जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
अभी तक मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक देखने में महिला नेपाली मूल की लग रही है। जानकारी के अनुसार जगतसुख में एक बगीचे में एक महिला का शव देखा गया। गांव से लगभग एक किलोमीटर नीचे ब्यास नदी की ओर दिखे शव की दोपहर बाद पुलिस को सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। शव की बारीकी से जांच की गई तो मामला हत्या का लगा। महिला के गले पर निशान पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक मदन शर्मा, डीएसपी हेडक्वार्टर राजेश शर्मा और थाना प्रभारी मनीष शर्मा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद महिला के शव को अपने कब्जे में ले लिया। उधर, फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
उधर, इस बारे में थाना प्रभारी मनाली मनीष शर्मा ने बताया कि अभी तक मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि देखने में महिला नेपाली मूल की प्रतीत हो रही है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने पुलिस ने प्राथमिक की दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

