लदरौर बाजार में पति-पत्नी की पिटाई पर व्यापारियों का रोष, दुकानें बंद कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, दोषियों पर सख्त कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी।
हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश में जिला हमीरपुर के लदरौर बाजार में पहली फरवरी को पति-पत्नी की पिटाई पर आक्रोश बढ़ गया है। घटना के विरोध में सोमवार को स्थानीय व्यापारियों ने एकजुट होकर अपना रोष जाहिर किया। व्यापारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए न केवल नारेबाजी की, बल्कि विरोध स्वरूप बाजार भी बंद रखा। घटना के विरुद्ध नाराजगी जताते हुए सभी दुकानदारों ने सुबह 10 बजे तक अपनी दुकानें बंद रखीं, जिससे पूरे बाजार में सन्नाटा पसरा रहा।
पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट
लदरौर बाजार घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की सीमा से सटा हुआ है। यहां सुनील कुमार और उसकी पत्नी मीना कुमारी के साथ मारपीट की गई थी। घटना के बाद पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से असंतुष्ट करीब 15 से 18 व्यापारी निखिल चड्ढा की अध्यक्षता में एकत्रित हुए और मामले को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। व्यापारियों का कहना है कि इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है और आम लोगों में असुरक्षा की भावना घर कर गई है।
पुलिस को दे दी चेतावनी
व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि न्याय की मांग को लेकर है। उन्होंने चेताया कि यदि समय रहते दोषियों पर सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
पुलिस ने किया संवाद
वहीं, बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने व्यापारियों से संवाद किया और भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ जल्द सख्त कदम उठाए जाएंगे।

