हिमखबर डेस्क
हिमाचल में मानसून की तबाही का दौर अभी थमा नहीं है। जिला कुल्लू में एक बार फिर भारी लैंडस्लाइड हुआ है। जिले के उपमंडल निरमंड के ग्राम पंचायत घाटू के शर्मानी गांव में आज सुबह भारी लैंडस्लाइड हुआ। एक मकान लैंडस्लाइड की चपेट में आने से जमींदोज हो गया है। जिसमें एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई और अन्य 3 लोग घायल हो गए। जिनका अस्पातल में इलाज जारी है।
मलबे में दबे 8 लोग
एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह ने बताया कि लैंडस्लाइड के इस हादसे में एक परिवार के कुल 5 सदस्यों समेत 8 लोग मलबे में दब गए। जिनमें से एक व्यक्ति का शव सुबह ही बरामद कर लिया गया था जबकि तीन लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेज गिया गया था। मलबे में 4 लोग लापता थे। जिनकी एनडीआरएफ द्वारा स्थानीय लोगों के साथ मिलकर तलाश की जा रही थी। अब इन चारों लोगों के शवों को भी मलबे से बरामद कर लिया गया है। पांचों मृतक एक ही परिवार के हैं।
मृतकों की पहचान
- ब्रेस्टी देवी (उम्र 50 साल) पत्नी स्व. शिव राम
- चुन्नी लाल (उम्र 32 साल) पुत्र शिव राम
- अंजू देवी (उम्र 25 साल) पत्नी चुन्नी लाल
- जागृति (उम्र 08 साल) पुत्री चुनी लाल
- भूपेश (उम्र 05 साल) पुत्र चुन्नी लाल
घायलों की पहचान
- शिवराम (उम्र 52 साल) पुत्र स्व. केसी राम
- धर्म दास (उम्र 48 साल) पुत्र स्व. केसी राम
- कला देवी (उम्र 45 साल) पत्नी धर्म दास
- गांव में दहशत का माहौल
वहीं, भीषण लैंडस्लाइड की इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। लोग पूरी तरह से सहमे हुए हैं. जमींदोज हुए मकान के साथ लगते तीन घरों को प्रशासन द्वारा खाली करवा दिया गया है। लैंडस्लाइड के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन को इसकी सूचना दी और खुद ही रेस्क्यू कार्यों में जुट गए।
प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और लोगों रेस्क्यू कार्यों में जुट गई। जिसके बाद एक ही परिवार के 5 लोगों के शवों को बरामद किया गया। इसी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म हो गया है। निरमंड क्षेत्र में भारी बारिश के कारण हालात और भी गंभीर बने हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और सतर्क रहें।
मनमोहन सिंह, एसडीएम निरमंड के बोल
एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह ने बताया कि आज सुबह के समय शर्मानी गांव में लैंडस्लाइड की सूचना मिली थी। मलबे से 5 शव बरामद कर लिए गए हैं। तीन घायलों को अस्पताल भेजा गया है।