लापता व्यक्ति का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, निजी पावर प्रोजैक्ट में था कार्यरत।
चम्बा – भूषण गुरूंग
तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर तरवाई मोड के पास एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। व्यक्ति की पहचान करमो पुत्र दिलो निवासी गांव डंडियूड के रूप में हुई है। वह निजी पावर प्रोजैक्ट में कार्यरत था और 4 दिन से लापता था।
जानकारी के अनुसार डंडियूड गांव का करमो गत 25 नवम्बर को घर से ड्यूटी के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा*। उसके रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता होने के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी हर संभावित जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया।
वीरवार को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। इसी बीच वीरवार दोपहर बाद ग्रामीणों ने तरवाई मोड़ के समीप कैलईं में सड़क किनारे करमो को मृत हालत में पड़ा पाया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने युवक की मौत को लेकर संदेह जाहिर किया है। इस पर पुलिस ने फोरैंसिक टीम को बुलाने का फैसला लिया। फोरैंसिक टीम के शुक्रवार को मौके पर पहुंचने के बाद ही शव को उठाया जाएगा।
एसपी चम्बा अभिषेक यादव के बोल
उधर, एसपी चम्बा अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।उन्होंने बताया कि जांच चल रही है। फोरैंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

