दुकानें घर जलमग्न, नालियों ने उगला कूड़ा,प्रशासन की तैयारियां रही अधूरीं
शाहपुर – नितिश पठानियां
हर साल आने वाली बरसात हालांकि इस बार देर से आई, इसके बावजूद बरसात से निपटने के लिए प्रशासन की तैयारियां अधूरी ही साबित हुईं। शुक्रवार रात हुई बारिश से उचित निकासी व्यवस्था न होने से पानी ने घरों और दुकानों में कहर मचाया। उप मंडल शाहपुर के रैत क्षेत्र में दुकानदार और स्थानीय लोग सुबह सवेरे दुकानों और घरों से पानी निकालते देखे गए।

फोरलेन के निर्माण कार्य ने रैत के बाशिंदों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। निर्माण कार्य में जुटी कंपनी की ओर से निकासी नालियां न बनाए जाने से घर और दुकाने पानी के तालाब बन गए हैं। स्थानीय लोगों में अर्जुन, रवी, विनोद, तिलक, विजय और सुमन ने बताया कि फोरलेन के किनारे निकासी नालियां नहीं होने के कारण बारिश का सारा पानी उनकी दुकानों और घरो में इकट्ठा हो रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि वह इस समस्या को लेकर एसडीएम शाहपुर से भी मिल चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया है। जहां भी इस समस्या को लेकर जाते हैं, वहां आश्वासन का झुनझुना थमाकर लौटा दिया जाता है।
लोगों ने प्रशासन, एनएचएआई और फोरलेन का निर्माण कार्य कर रही कंपनी से मांग की है कि फोरलेन के निर्माण के दौरान निकासी नालियां भी बनाई जाएं।

संजीव टिम्बर मालिक के बोल
वहीं इमारती लकड़ी का काम करने वाले टिम्बर संजीव के मालिक संजीव ने बताया कि रात को हुई बारिश से नालियां ना होने के कारण बरसात का सारा पानी उनकी दुकान और साथ लगते घर में घुस गया। जिससे उनकी दुकान में रखी सारी इमारती लकड़ी और मशीनरी खराब हो गई है जिससे उनका 35 लाख का नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि उनके घर के बाहर बिजली का खंभा भी है। जिसकी तारे जमीन से ज्यादा ऊपर नहीं है, अगर बारिश थोड़ी देर और होती तो खंभे के पानी से घिरे होने के कारण इसमें करंट भी आ सकता था जिससे घर में मौजूद 15 लोगों की जान भी जा सकती थी।

उन्होंने बताया कि ऐसे में यह खंभा हादसे का कारण बन सकता है। उन्होंने प्रशासन और एनएचएआई से जल्द समस्या के समाधान की मांग उठाई है। साथ ही उन्होंने अपने हुए नुकसान का जल्द से जल्द मुआवजा देने की भी प्रशासन से मांग की है।
हौंडा एजेंसी संचालक रवी के बोल
वहीँ रेत में स्तिथ हौंडा एजेंसी को भी पहली बरसात काफी नुकसान दे कर गई है। एजेंसी के संचालक रवी ने बताया कि एजेंसी में बनी उनकी वर्कशॉप में बरसात का पानी चला गया है। जिससे पूरी वर्कशॉप पानी और दलदल से भर गई है, जिसको निकालने का काम किया जा रहा है।
साथ ही उन्होंने बताया कि बारिश के पानी से उनकी वर्कशॉप का शटर पूरी तरह से टूट गया है और वर्कशॉप के अंदर कितना नुक्सान हुआ है उसका आंकलन शटर खोलने के बाद ही पता चल सकता है।

एसडीएम शाहपुर करतार चंद के बोल
एसडीएम शाहपुर करतार चंद ने बताया कि पठानकोट मंडी फोरलेन के तहत शाहपुर से लेकर राजोल तक काम किया जा रहा है। अधिकतर एरिया में काम चल रहा है। इस दौरान लोगों को बहुत समस्या भी आ रही है। इसको लेकर कंपनी को हिदायत दी है कि लोगों की मुश्किलों को ध्यान में रखते हुए काम पूरा करें।
उप मुख्यसचेतक विधायक केवल सिंह पठानियां के बोल
उप मुख्यसचेतक विधायक केवल सिंह पठानियां शाहपुर ने बताया कि रात को हुई बारिश से पुरे क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। फोरलेन निर्माण कार्य में जुटी कंपनी के दवारा सड़क किनारे नालियां ना निकालने के कारण लोगों को काफी नुक्सान और दिक्क्तों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अधिकारीयों को जल्द ही निर्देश दिए जाएंगे की वो सड़क किनारे नालियों का निर्माण युद्ध स्तर पर करे और जिन भी लोगों का नुकसान हुआ है उसका आंकलन कर के उनको उचित मुआवजा दिया जाएगा।

