शिमला, 04 जून – नितिश पठानियां
सियासत की पिच पर अनुभवी राजा रानी से जंग हार गया। बाॅलीवुड के बाद कंगना रनौत ने सियासी गलियारे मेें बादशाहत को कायम किया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का कद भी बढ़ा है, क्योंकि मंडी संसदीय क्षेत्र में जयराम ठाकुर की साख भी दांव पर लगी थी।
चुनावी प्रचार के दौरान कंगना के तीखे बयान आशंका जाहिर कर रहे थे, कहीं इसका नुकसान न उठाना पड़े। लेकिन जनता जनार्दन ने कंगना के तीखे हमलों को ही पलकों पर बिठा लिया।
चुनावी जीत हासिल करने के बाद कंगना ने जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को दिया। उन्होंने कहा कि ये मंडी के मान-सम्मान व स्वाभिमान की जीत है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने चुनाव प्रचार की कमान संभाली हुई थी।
कंगना ने ये सीट कांग्रेस से छीनकर वापस भाजपा की झोली में डाली है। सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के बाद उप चुनाव में प्रतिभा सिंह ने उप चुनाव में जीत हासिल कर ली थी। कंगना रनौत के मैदान में होने की वजह से समूचे देश की नजरें यहां के नतीजे पर टिकी हुई थी।
अंतिम आंकड़ों के मुताबिक कंगना रनौत ने ये चुनाव 74,755 मतों से जीता है। कंगना को 5,37,022 वोट पड़े। मत प्रतिशतता 52.87 प्रतिशत रही। कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह को 4,62,267 वोट पड़े। मत प्रतिशतता 45.51 प्रतिशत रही।
इसके अलावा अन्य प्रत्याशी डाॅ. प्रकाश चंद, नरेंद्र कुमार, राही गुप्ता, सुभाष मोहन, विनय कुमार, महेश सैनी, दिनेश कुमार, आशुतोष महंत को क्रमशः 4393, 2447, 1051, 974, 690, 654, 381 व 286 वोट मिले। नोटा का बटन 5,645 ने दबाया। खास बात ये रही कि पोस्टल बैलेट में भी विक्रमादित्य सिंह पिछड़ गए। कंगना के 9559 के मुकाबले विक्रमादित्य सिंह को 8507 वोट प्राप्त हुए। कुल 10,15,810 मतों की गिनती हुई।
बता दें कि मंडी संसदीय क्षेत्र में अभिनेत्री कंगना रनौत को टिकट देकर भाजपा ने सबको चौंका दिया था। बेशक ही कंगना ने फिल्मी पर्दे पर दिवंगत जयललिता का किरदार भी निभाया हो, लेकिन असल जिंदगी में सियासी पारी अब शुरू हुई है। बॉलीवुड में अभिनय के दम पर राष्ट्रीय पुरस्कार व पद्मश्री हासिल कर चुकी कंगना नेे हमेशा ही हिंदुत्व के मुद्दों पर बेबाक बात रखी है।
मंडी से पहली महिला सांसद
हालांकि, मंडी संसदीय क्षेत्र से पहले भी महिलाएं सांसद रही हैं, लेकिन मंडी जनपद से पहली सांसद बनी हैं। 16 साल की उम्र में घर छोड़ने वाली कंगना की पहचान दबंग लेडी के तौर पर भी होती है। दीगर है कि कंगना पांच मर्तबा फोर्ब्स इंडिया की टॉप-100 सेलिब्रिटी में भी जगह बना चुकी है।

