उपमंडल सलूणी में चार से अधिक व्यक्तियों के इकट्ठे होने प्रतिबंध, ज़िला दंडाधिकारी अपूर्व देवगन ने धारा 144 के तहत जारी किए आदेश, बैठक, जुलूस, रैली, धरना- प्रदर्शन पर रोक, आदेश की उल्लंघना में होगी कार्रवाई
चम्बा – अनिल संबियाल
उपमंडल की ग्राम पंचायत भांदल में युवक मनोहर की निर्मम हत्या के आरोपी परिवार के सभी सदस्यों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को हजारों की तादाद में लोगों का हुजूम सडक़ों पर उतर आया।
दोपहर बाद गुस्साई भीड़ ने किहार से पैदल संघणी का रूख किया। करीब दस किलोमीटर का पैदल फासला तय करके संघणी पहुंची गुस्साई भीड़ ने आरोपियों के दो मकानों को आग लगा दी।

मौके की नाजुकता को भांपते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस इलाके में होने वाली हर गतिविधि पर निगाह रखे हुए है।
गौर हो कि बीते सप्ताह हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सलूणी उपमंडल के तहत आती भांदल पंचायत में एक युवक का क्षत-विक्षत शव बोरी में डालकर नाले में फेंका हुआ मिला था। हत्या के बाद शरीर के 7-8 टुकड़े किए गए। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
इसी बीच गुस्साई भीड़ ने मनोहर की निर्मम हत्या कर उसके 8 टुकडे़ करने वाले आरोपियों के घर को आग के हवाले कर दिया है। प्रशासन की तरफ से आगामी 7 दिन तक इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है।



