
मंडी – अजय सूर्या
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक वित्तीय साक्षरता केंद्र मण्डी द्वारा राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सौजन्य से गांव रन्धाड़ा तहसील सदर में एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक जिला कार्यालय मंडी से वित्तीय साक्षरता समन्वयक राकेश ठाकुर ने किया। उन्होंने कहा कि हम सब जानते हैं की ज्ञान ही शक्ति है I वित्तीय मामलों में भी यह बात सही है I आपके पास जितना अधिक वित्तीय ज्ञान होगा, आप उतने ही अधिक तैयार होंगे।
वहीं रुपये पैसे के बारे में बुनियादी समझ और जानकारी की कमी किसी भी व्यक्ति के लिए हानिकारक है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में अन्य विषयों के साथ मनी एजुकेशन को प्राथमिकता दी जानी चाहिए और युवाओं को इसके बारे में शिक्षित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जो युवा पर्याप्त वित्तीय शिक्षा हासिल नहीं कर पाते , वे बड़े होकर गैर-जिम्मेदार वयस्क बन जाते हैं, उन्हें पता नहीं होता कि निवेश कैसे करें, घर खरीदने के लिए पर्याप्त पैसा कैसे बचायें। कई बार अपनी गलतियों के चलते वे अपना क्रेडिट स्कोर खराब कर लेते हैं।
जबकि जिन युवाओं को मनी मैनेजमेंट के बारे में सिखाया गया होता है, उनकी वित्तीय नींव ठोस होती है और इसी वजह से वे ऐसी गलतियां नहीं करते है और वे आगे चलकर बेहतर वित्तीय निर्णय ले सकते हैं।
उन्होंने वित्तीय शिक्षा के फायदे बताते हुए कहा कि यह हमें पैसे के मूल्य के बारे में सिखाता है और अगर हम पैसे के मूल्य को समझ लें तो हम अपने वित्त का बेहतर प्रबंधन कर सकते हैं तथा हम बजट बनाने, बचत करने और अनावश्यक खर्चों से बच सकते हैं।
वित्तीय साक्षरता हमें कर्ज के जाल में जकड़ने से बचाती है और अगर आप आर्थिक रूप से जानकार हैं तो आप केवल उतना ही उधार लेंगे जितना आप चुका सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए वित्तीय साक्षरता महत्वपूर्ण है।
एक व्यक्ति की युवा अवस्था उसकी जिंदगी के सबसे महत्वपूर्ण पल होते हैं और ऐसे दौर में गलतियों का वयस्क जीवन पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है।
अगर इस स्तर पर उचित वित्तीय शिक्षा प्रदान की जाती है, तो हम वित्तीय रूप से जिम्मेदार वयस्क तैयार कर सकते है। उन्होंने बैंक और नाबार्ड की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारियां भी दी।
ये रहे उपस्थित
शिविर में सहकारी सभा के प्रधान चंदरमणी शर्मा, उप प्रधान उधम सिंह, सचिव रंजीत सिंह , पंचायत उप प्रधान लेख राज, वार्ड मेंबर नन्द किशोर, महिला मंडलों की प्रधान और सचिवों सहित गांव के अन्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।
