
चम्बा- भूषण गुरुंग
जिला के सात विकास खंडों की 309 पंचायतों में हर दो माह बाद होने वाली रूटीन ग्रामसभा को लेकर तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। जनवरी के बाद अब इसी महीने यानी अप्रैल में ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद जुलाई व अक्टूबर माह में ग्राम सभा की बैठकें आयोजित की जाएंगी।
प्रशासन ने इन ग्राम सभाओं को लेकर शेड्यूल जारी कर दिया है। यह ग्राम सभाएं महीने की सात से लेकर 16 तारीख तक आयोजित की जाएंगी। कोरम पूरा न होने की स्थिति में 15 दिन बाद पंचायत अपने स्तर पर फिर से ग्राम सभा की तिथि निर्धारित कर सकती है। बैठकों में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों का होगा चयन।
अप्रैल के अलावा दूसरे महीनों में आयोजित की जाने वाली ग्राम सभाओं की सूची विभाग की ओर से सभी विकास खंडों व पंचायतों को जारी कर दी गई है। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं से वंचित लाभार्थियों का चयन होगा।
गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि, आय-व्यय का अनुमोदन, जांच, निरीक्षण व अंकेक्षण रिपोर्ट के आधार पर वसूली योग्य राशि को लेकर भी चर्चा होगी। क्षतिग्रस्त मकानों के लाभार्थियों व वृद्धावस्था, दिव्यांगता व विधवा पेंशन योजना और बीपीएल के तहत लाभार्थियों के चयन सहित कई विषयों के लेकर भी ग्रामसभा की बैठक अहम होंगी।
बैठक करवाने में असफल रहने पर हटाए जा सकते हैं पंचायत प्रधान- डीसी राणा, उपायुक्त चंबा
पंचायत प्रधान ग्रामसभा का मुखिया होता है। ऐसे में ग्रामसभाओं को सशक्त बनाना प्रधान का कर्तव्य है। पंचायतों में होने वाली ग्रामसभा की बैठकों के प्रति लोगों को अवगत करवाने के साथ निर्धारित तिथि को होने वाली बैठक को व्यवस्थित तरीके से आयोजित करवाना पंचायत प्रधान की जिम्मेदारी है। ग्रामसभा की बैठक करवाने में असफल होने की स्थिति में पंचायती राज कानून की धारा 146-1 (सी) के तहत प्रधान को पद से हटाया जा सकता है।
पंचायतों में दो महीने बाद होने वाली ग्राम सभाओं को लेकर तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं, जिसकी सूची सभी विकास खंडों व पंचायतों को प्रेषित कर दी है, ताकि पंचायत कर्मी व प्रतिनिधि लोगों को इसे लेकर अवगत करवा सकें, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग ग्राम सभा में पहुंच कर अपनी समस्या व मांग रख सके।
