हिमखबर डेस्क
लेबनान के संगठन हिज़्बुल्लाह ने कहा है कि वह इजरायल के साथ लंबी लड़ाई के लिए तैयार है और उसके पास आक्रामक ड्रोन क्षमताओं को लेकर कई “आश्चर्य ” मौजूद हैं। हिज़्बुल्लाह के समन्वय एवं संपर्क इकाई के प्रमुख वफीक सफ़ा ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि संगठन इजरायल के खिलाफ युद्ध जारी रखेगा और “कब्जे करने वाली ताकत” को पराजित किए बिना पीछे नहीं हटेगा।
उन्होंने कहा कि युद्ध समाप्त होने के बाद हिज़्बुल्लाह लेबनानी सरकार से अपनी सैन्य गतिविधियों को देश की सुरक्षा और रक्षा का आवश्यक हिस्सा मान्यता देने की मांग करेगा। इससे पहले हिज़्बुल्लाह ने सोमवार को दावा किया था कि उसने पिछले 24 घंटों में इजरायल के खिलाफ 63 सैन्य अभियान चलाए हैं।
संगठन के अनुसार, ये कार्रवाई लेबनानी क्षेत्र और नागरिकों की रक्षा के तहत तथा इजरायल की निरंतर कार्रवाई के जवाब में की गयी हैं। इन अभियानों में रॉकेट हमले, आक्रामक ड्रोन स्ट्राइक और तोपखाने की गोलाबारी शामिल रही, जिनमें इजरायली सैन्य जमावड़ों, बख्तरबंद वाहनों, सैन्य अड्डों और सीमा क्षेत्रों में तैनात सैनिकों को निशाना बनाया गया है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इजरायली पक्ष ने भी हिज़्बुल्लाह की सैन्य क्षमता को गंभीर चुनौती माना है और हाल के दिनों में उसे हुए नुकसान को स्वीकार किया है। उल्लेखनीय है कि हिज़्बुल्लाह ने दो मार्च से जवाबी हमले शुरू किए थे, जब इजरायल ने नवंबर 2024 के युद्धविराम के बावजूद लेबनान के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों पर लगातार हमले किए थे।

