मंडी – अजय सूर्या
खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में सुंदरनगर में बिक रही शराब के सैंपल फेल हो गए हैं। विभाग ने जुलाई में सुंदरनगर, नेरचौक और सरकाघाट से शराब सहित अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे थे, जिसमें दो शराब व तीन अन्य सैंपल फेल हुए हैं। अब विभाग संबंधित कंपनी को नोटिस जारी करेगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुल 34 सैंपल अलग-अलग जगहों से भरे थे। इसमें सुंदरनगर के शराब के ठेकों के सैंपल भी थे। विभाग के पास आई रिपोर्ट में सुंदर नगर के दो ठेकों में शराब मिस ब्रांडेड पाई गई।

इसमें शराब की बोतल पर लगी लेवलिंग पर शराब बनाने के लिए किन पदार्थों या रंग आदि का प्रयोग किया गया है इसकी जानकारी नहीं थी। ऐसे में शराब पीने लायक है या नहीं यह कहना मुश्किल था। अब विभाग ने संबंधित ठेकेदार से शराब के बिल मांगें हैं और उसके बाद संबंधित कंपनी को नोटिस जारी किया जाएगा।
वहीं इसके अलावा विभाग द्वारा भरे गए इमली, पनीर और प्रसाद में मिलने वाली खील का सैंपल भी मिस ब्रांडेड पाया गया है। विभाग ने संबंधित दुकानदारों को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त के बोल
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त डाॅ.एलडी ठाकुर ने बताया की शराब के सैंपल फेल होने के बाद संबंधित ठेकेदारों से बिल मांगे गए हैं उसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। अन्य दुकानदारों को भी नोटिस जारी किया गया है।

