
शाहपुर – नितिश पठानियां
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस से डिंपल रक्षा जसवाल ने टिकट मांगा है। डिंपल रक्षा जसवाल का कहना है कि शाहपुर में भाजपा उम्मीदवार महिला को महिला की टक्कर दे सकती है, इसलिए पार्टी हाईकमान को महिला के खिलाफ महिला ही उतारनी चाहिए।
रक्षा जसवाल शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने में जुटी हुई है और लंबे अरसे से अपना प्रचार अभियान तेज किया है। जसवाल को रोटरी क्लब शाहपुर ने अभी चार दिन पहले ही गौरव ए शाहपुर के सम्मान से सम्मानित किया है।
डिंपल जसवाल ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की धारकंडी, वोह, दरिणी सहित अन्य पंचायतों में अपनी एक अलग पहचान समाजसेवी के तौर पर बनाई है और वह लंबे अरसे से धर्मशाला, पालमपुर व नगरोटा सहित जिला कांगड़ा सक्रिय तौर पर महिलाओं की आवाज बनकर भी सामने आती रही हैं।
अब डिंपल जसवाल शाहपुर में कांग्रेस के रथ को आगे बढ़ाने के लिए जुगत लगाए हुए हैं। डिंपल जसवाल जरूरतमंद बेटियों की शादी में उनके स्वजनों के साथ खड़ी रहती हैं, वहीं सर्दियों में गर्म कपड़े जरूरतमंदों को बांटने तथा अन्य तीज त्योहारों में आम लोगों के साथ मनाने के साथ-साथ उनके दुख व तकलीफ में भी काम आती हैं।
डिंपल रक्षा जसवाल ने बताया कि उन्होंने समाज सेवा करते हुए पाया कि गरीब व जरूरतमंद लोगों की आंखों को पौंछने के लिए हिम्मत की जरूरत होती है और वह हिम्मत उनमें हैं। चाहे भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठानी हो, घरेलू हिंसा के खिलाफ आवाज बुलंद करनी हो और महिलाओं को न्याय दिलवाना हो वह कभी पीछे नहीं हटी।
लेकिन जिन महिलाओं को उन्होंने न्याय दिलवाया व आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। आज वहीं महिलाएं उन्हें शाहपुर विधानसभा के मैदान से उतरने के लिए दवाब डाल रही हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उन्होंने कांग्रेस के लिए कार्य करना शुरू किया है।
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की तमाम पंचायतों का दौरा कर चुकी हैं। वरिष्ठजनों से मिल चुकी है। काफी लोगों का स्नेह व प्यार उन्हें मिल रहा है। पार्टी हाईकमान को टिकट की दावेदारी की है। वह जनता की दुख तकलीफ जानती है और कांग्रेस की सीट को जीतकर शाहपुर से पक्की करेंगी।
