
ब्यूरो- रिपोर्ट
उपतहसील भराड़ी के तहत मरहाणा पंचायत के मलोट गांव में सर्पदंश से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इससे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मलोट गांव के हरमीत सिंह ने बताया कि खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए। सात वर्षीय बेटा रितिक उनके साथ सो गया। सुबह करीब चार बजे बेटा चिलाने लगा। उन्होंने लाइट जलाकर बेटे से पूछा तो उसने कहा कि पेट में दर्द हो रहा है। उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और मुंह से झाग निकलने लगा।
वे उसे भराड़ी अस्पताल ले गए। यहां से उसे हमीरपुर रेफर कर दिया। रास्ते में बेटे की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई तो वे उसे भोटा अस्पताल ले गए। यहां उसकी मौत हो गई। डाक्टरों ने बताया कि बेटे को सांप ने काटा है। वे बेटे को घर ले गए तो वहां उसकी नब्ज फिर चलने लगी। वे रितिक को नेरचौक के पास स्थित मंदिर में ले गए और उसके बाद नेरचौक अस्पताल पहुंचाया।
यहां उसका ईसीजी किया गया। इसमें वह मृत पाया गया। शामिल को स्थानीय श्मशानघाट में उसका अंतिम संस्कार किया गया। बेटे की मौत से स्वजन सदमे में हैं। रितिक की एक बड़ी बहन है, जो पांचवीं कक्षा में पढ़ती है। परिवार के सभी सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है।
रितिक हिम ज्योति पब्लिक स्कूल भराड़ी में दूसरी कक्षा का छात्र था। प्रधानाचार्य मनीष डोगरा ने कहा कि रितिक पढ़ाई में काफी अच्छा था। उन्होंने रितिक की मौत पर दुख व्यक्त कर भगवान से शोकाकुल परिवार को दुख की घड़ी सहने की ताकत देने व बच्चे की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
