
नूरपुर- देवांश राजपूत
पठानकोट – मंडी राष्ट्रीय मार्ग के तहत राजा का बाग में शुक्रवार को ट्रक और बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है और शव को अपने कब्जे में ले लिया है।
मृतक की पहचान सतीश कुमार (30 वर्षीय) निवासी गांव डैंकवां के रूप में हुई है। मृतक युवक बिजली बोर्ड उपमंडल सुल्याली में कार्यरत था। जानकारी अनुसार शुक्रवार सुबह सतीश कुमार अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था कि राजा का बाग में ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने इस हादसे में ट्रक कब्जे में लेकर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करें और अनमोल जिंदगियों को खत्म होने से बचाएं।
उन्होंने लोगों से यातायात नियमों की पालना करने का भी आग्रह किया है। जिला में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए जरूरी है कि यातायात नियमों की सभी पालना करें।
