
कंडवाल, भड़वार के पास एक तरफ की टू लेन पर जल्द डलेगी कोलतार
नूरपुर – देवांश राजपूत
पठानकोट-मंडी फोरलेन के पहले चरण के काम ने उपमंडल नूरपुर में रफ्तार पकड़ ली है। अब निर्माण कंपनी जल्द ही कंडवाल, नागाबाड़ी, जाच्छ, भड़वार के निकट एक तरफ की टू लेन पर कोलतार डाल कर उसे ट्रैफिक के लिए तैयार करेगी।
इसके बाद इस फोरलेन की कंडवाल के चक्की पुल से लेकर नूरपुर बाइपास तक तस्वीर साफ होने लगेगी। निर्माण कार्य में जुटी आईआरबी कंपनी निर्धारित समय अवधि में काम पूरा करने को प्रयासरत है। चक्की पुल से लेकर जसूर तक कार्य जोरों पर है।
जसूर में एलिवेटेड फ्लाई ओवर ब्रिज के लिए पिल्लर बनाए जा रहे हैं। जल्द ही फ्लाई ओवर की शटरिंग शुरू हो जाएगी। जसूर से लेकर बौड तक और बौड से लेकर खुशीनगर तक बनने वाले नूरपुर बाइपास का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर विकास सुरजेवाला ने बताया कि नूरपुर में फोरलेन सडक़ निर्माण कार्य को तेजी से किया जा रहा है और इसे निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा।
आईआरबी कंपनी के सीजीएम ने क्या कहा
आईआरबी कंपनी के सीजीएम हरप्रीत सिंह ने बताया कि चक्की से लेकर भेडख़ड्ड तक फोरलेन सडक़ मार्ग बनना है। और अब जिन स्थानों पर सडक़ पर ड्राई कंक्रीट डल चुकी है वहां मौसम अनुकूल होते ही कोलतार डाल दी जाएगी।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का पूरा ध्यान
इस परियोजना के तहत कंडवाल से लेकर भेडख़ड्ड तक लगभग 28 किलोमीटर तक 142 कलवर्ट और 15 माइनर ब्रिज बनने हैं। चक्की से लेकर जसूर तक करीब 44 कलवर्ट बनने हंै जिसमें से 20 कलवर्ट व चार माइनर ब्रिज बना दिए गए हैं। एनएचएआई के दिशा-निर्देशों पर इस फोरलेन सडक़ निर्माण के लिए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
इस तकनीक से बन रहा फोरलेन
फोरलेन का काम लगभग सात चरण में होना है। पहले क्लेनिंग एंड गर्बिंग होती है, फिर फॉर्मेशन। उसके बाद सबग्रेड मिट्टी डलती है फिर सीटीएसबी तकनीक से सडक़ निर्माण में सीमेंट, कंक्रीट आदि मशीन द्वारा बिछाई जाती है। अंतिम तीन चरण में कोलतार डलती है जिससे सडक़ मजबूत व गुणवत्ता पूर्ण बनती है।
पहले चरण में उपमंडल नूरपुर के तहत चक्की के साथ लगते कंडवाल से लेकर भेडख़ड्ड तक लगभग 28 किलोमीटर बनेगा जिस पर लगभग 828 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
