
सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को रोकने, पार्किंग-यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने को एसडीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक।
नूरपुर – देवांश राजपूत
एसडीएम गुरसिमर सिंह की अध्यक्षता में स्थानीय पंचायत समिति सभागार में व्यापार मंडल नूरपुर व जसूर के पदाधिकारियों, प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड तथा नगर परिषद के अधिकारियों के साथ शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रचलन को रोकने, पार्किंग व यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने संबंधी समस्याओं व उनके निराकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मदन कांत विशेष रूप से उपस्थित रहे। एसडीएम ने कहा कि आज दुनिया के आगे प्लास्टिक प्रदूषण बहुत गंभीर समस्या बन चुकी है।
इस समस्या से निजात पाने के लिए सभी लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझने के साथ इसके प्रचलन को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रचलन को रोकने तथा सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए हर माह एक वार्ड संकल्प के साथ एक विशेष मुहिम शुरू की जाएगी।
जिसके तहत एक वार्ड का चयन कर घरों से कूड़ा एकत्रित करने के साथ लोगों को गीले तथा सूखे कचरे को अलग-अलग इक_ा करने तथा अपने घरों का कूड़ा वार्ड के लिए नियुक्त सफाई कर्मी को देने बारे जागरूक किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त उस वार्ड को पूरी तरह कचरा मुक्त बना कर आदर्श वार्ड के रूप में विकसित किया जाएगा। ताकि अन्य वार्डों के लोगों को भी अपने आस-पास सफाई व्यवस्था बनाए रखने की प्रेरणा मिल सके।
उन्होंने शहर में ट्रैफिक संबंधित समस्याओं के बारे में बात करते हुए कहा कि नूरपुर बाजार में हर दिन लगने वाले जाम से निपटने के लिए पुरानी वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था के नियम को सख्ती से लागू किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त शहर में नगर परिषद की पार्किंग के बेहतर इस्तेमाल के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने फोरलेन निर्माण कार्य के चलते जसूर बाजार में ट्रैफिक एवं पार्किंग संबंधी समस्या पर बोलते हुए कहा कि इसके शीघ्र निपटारे हेतु संबंधित कंस्ट्रक्शन कंपनी को जरूरी दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त निर्माण कार्य के चलते उडऩे वाली धूल की समस्या को रोकने के लिए दिन में दो बार पानी का छिडक़ाव करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
इस मौके पर उपस्थित सदस्यों ने भी अपने-अपने बहुमूल्य सुझाव प्रस्तुत किए जिन पर एसडीएम ने उन पर पूरी तरह गौर करने का भरोसा दिया।
