
कहा अब भाजपा भी सार्वजनिक करे चार साल के विकास का ब्यौरा, शुद्ध भाजपा नहीं अपितु दल-बदलू मांग रहे हैं हिसाब
व्यूरो रिपोर्ट
कांग्रेस से विकास का हिसाब मांगने वाले दल-बदलू भाजपाइयों को पूर्व सीपीएस नीरज भारती ने सोशल मीडिया पर 19 पन्नों की अरबों रुपए के विकासकार्यों की सूची सार्वजनिक करके करारा जबाब दिया है। पूर्व सीपीएस नीरज भारती ने सोशल मीडिया पर अपने कार्यकाल में करवाए गए विकासकार्यों का लेखा डालते हुए लिखा है कि जो विकास बारे पूछ रहे हैं वो पहले इसे पढ़ लें।
उन्होंने कहा कि जो ब्यौरा मैंने डाला है, वो मेरे पांच साल के कार्य हैं जिनका मैंने शिलान्यास भी किया तथा उनका लोकार्पण भी किया क्योंकि लोकार्पण के बाद ही किसी कार्य को विकास की श्रेणी में गिना जाता है। उन्होंने कहा कि दलबदलुओं को मेरे द्वारा सार्वजनिक किए गए विकासकार्यों की सूची को पढ़ने में ही दो दिन का वक्त गुजर जाएगा।
नीरज भारती द्वारा सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किया गया विकास का ब्यौरा
उन्होंने कहा कि भाजपा तो शिलान्यास करने को ही विकास कह रही है लेकिन जब तक किसी कार्य का लोकार्पण नहीं होता तब तक उसको विकास की परिभाषा में नहीं गिना जाता। पूर्व सीपीएस नीरज भारती ने कहा कि भाजपा के वहीं लोग कांग्रेस से विकास के बारे में पूछ रहे हैं जो कल तक कांग्रेस का गुणगान करते थकते नहीं थे तथा जैसे ही सत्ता परिवर्तन हुआ तो यह मतलबफरोश लोग भाजपा में चले गए और अब भाजपा में शामिल होकर चापलूसी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शुद्ध भाजपा नहीं अपितु दलबदलू ही विकास का ब्यौरा मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनका तो अपना ही जनाधार नहीं है। कल कांग्रेस में थे, आज भाजपा में हैं और कल पता नहीं कहां होंगे। उन्होंने कहा कि जो लोग कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में गए हैं। उनको ही भाजपा ने विकास के बारे में पूछने के लिए आगे कर रखा है। उन्होंने कहा कि बहस तो दूर आप मेरे द्वारा डाले गए कार्यों की सूची भी बना लो तो भी आपकी बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी।
