
कोटला – स्वयंम
कोटला व आसपास के क्षेत्रों में दिवाली से पहले ही दुकानदारों द्वारा ग्राहकों को रिझाने के लिए कई गिफ्ट भी रखे हैं तथा भारी छूट भी प्रोडक्ट्स पर रखी गई है। और लोग धनतेरस को शुभदायक मानते हैं । और लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं । इसके अलावा दुकानदारों ने दुकानों को दुल्हन की तरह सजा रखा है तथा रंग-बिरंगी टिमटिमाती हुई लड़ियों की रौनक से दुकान की शोभा ओर भी बढ़ जाती है।
ग्राहक भी अपने आपको प्रोडक्ट्स देखने से रोक नहीं पाते हैं। कपड़े के दुकानदारों ने गर्म कपड़ों तथा बूट हाउस के दुकानदारों ने शूज की सेल भी लगा रखी है तथा सस्ते दाम पर कोटियां, स्वेटर व जैकेट, शूज, चप्पल इत्यादि बेच रहे हैं। कैलेंडर इत्यादि भी हाथोंहाथ बिक रहे हैं ।
हार्डवेयर की दुकानों में भी पेंट सहित कलर इत्यादि की काफी खरीददारी हो रही है। मिठाई की दुकानों में भी दुकानदारों की मिठाईयां हाथोंहाथ बिक रही हैं। सुबह ही बाजारों में भीड़ होनी शुरू हो जाती है जोकि शाम तक बदस्तूर जारी रहती है। दुकानों में खरीददारों की भीड़ को देखकर प्रतीत होता है कि मानो जैसे दिवाली व धनतेरस का पर्व हो।
गिफ्ट शॉप्स की दुकानों में कई लुभावने गिफ्ट पहुंच चुके हैं। मिट्टी के बर्तनों की भी डिमांड काफी ज्यादा है। मिट्टी के घड़े, कुजू, दीये इत्यादि की काफी डिमांड है। कोटला, जौंटा, 32मील, भाली, त्रिलोकपुर, कुठेहड आदि के बाजारों में काफी भीड़ देखने को मिल रही है।
बाजारों में भीड़ के कारण समोसा, चोमिन, मोमो, न्यूडल की दुकानों में भी खूब बिक्री हो रही है । बाजारों में भीड़ को देखकर दुकानदारों के चेहरे भी खुशी से खिल उठे हैं। दुकानदार काफी उत्साहित हैं तथा उनको उम्मीद है कि कोरोना के कारण आर्थिक मंदी झेल रहा कारोबार पटरी पर लौट आएगा।
ज्योतिषी पंडित अमित शर्मा के बोल:
वहीं कोटला के ज्योतिषी पंडित अमित शर्मा ने बताया कि शारदीय नवरात्रों के साथ ही समय शुभ हो जाता है जोकि धनतेरस तक शुभ रहता है। उन्होंने कहा कि लोग धनतेरस के दिन खरीददारी करते हैं लेकिन अभी भी खरीददारी करना शुभ है। धनतेरस से पहले भी खरीददारी करने का अच्छा समय है।
