
सिरमौर – नरेश कुमार राधे
हिमाचल के सिरमौर जिला में गिरिपार क्षेत्र के कोटा पाब एक तेदुए ने कहर बरपाया है। वन्य प्राणी ने एक किसान के बाड़े में घुसकर 41 बकरों व बकरियों को मौत के घाट उतार दिया।
इस कारण किसान को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
कोटा पाब पंचायत के कोटा के रहने वाले इंद्र सिंह पुत्र तुलसी राम पेशे से बकरी पालन का कार्य करते है। बीती शाम को इंद्र सिंह ने घर से कुछ दूरी पर बाड़े में बकरियों को रखा था।
सुबह वो जब बाड़े में बकरियों को खोलने के लिए पहुंचा तो पाया कि बकरियों के शव खून में लथपथ इधर उधर पड़े हुए है।
इंद्र सिंह ने बताया की शाम को सभी बकरियां बाड़े में सुरक्षित बंद की थी। सुबह 27 बकरे और 14 बकरियों को मरा हुआ पाया। कुछ बकरियां जख्मी हालत में थी।
इसकी सूचना तुरंत ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। फ़िलहाल माना जा रहा है कि किसान का करीब 5-6 लाख का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने रिलीफ मैनुअल के तहत मुआवजा राशि जारी करने की मांग की है।
उधर, वन विभाग श्री रेणुका जी के डीएफओ ने बताया की एक किसान की 41 बकरे व बकरियों को तेंदुए ने मारा है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है।
