
मंडी-नरेश कुमार
नबाही वार्ड से जिला परिषद सदस्य मुनीष शर्मा ने जल शक्ति विभाग में नियुक्तियों को निष्पक्ष तरीके से व मेरिट के आधार पर करने की मांग उठाई है। गौरतलब है कि जल शक्ति विभाग की आउटसोर्स नियुक्तियों में हुई धाँधलियों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विपक्ष ने हल्ला बोला व वाकआउट किया।
मुनीष शर्मा ने भी पिछली मंडी जिला परिषद सदन की मीटिंग में इन नियुक्तियों के बारे में तीखे सवाल उठाए थे। इन नियुक्तियों में नियमों का पूरी तरह से उल्लंघन हुआ था जिसके खिलाफ पूरे हिमाचल प्रदेश के युवाओं में भारी आक्रोश है। सरकाघाट डिवीजन में अलग-अलग श्रेणियों में फार्म भरने की आखिरी तिथि 7 अगस्त है व इसके बाद विभाग मेरिट तैयार करेगा।
मुनीष शर्मा ने कहा कि उन्होंने इन नियुक्तियों के ऊपर कड़ी नजर रखी है व इस संबंध में सरकाघाट जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता से भी निष्पक्ष तरीके से भर्तियां करने की मांग उठाई है और यह भी साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि मेरिट को नजरअंदाज कर कोई भी चोर दरवाजे से भर्ती होती है तो सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को संगठित कर जल शक्ति विभाग कार्यालय का उग्र तरीके से घेराव किया जाएगा जिसकी जिम्मेवारी जल शक्ति विभाग व प्रदेश सरकार की होगी।
