
कोटला, ब्यूरो:
विस क्षेत्र जवाली में सक्रिय खनन माफिया ने लोगों के दिन का चैन व रात की नींद हराम कर दी है। लोगों को सबसे अधिक परेशानी क्रशर संचालकों से है लेकिन इन सब पर नकेल डालने में प्रशासन, पुलिस व खनन विभाग अभी तक असमर्थ ही साबित हुआ है।
उपमंडल जवाली के अधीन देहर खड्ड किनारे कोटला, हरियां, गुहन खड्ड, बुहल खड्ड किनारे क्रशर उद्योग कुछ साल पहले लगे थे और आज आलम यह है कि अब यह खनन माफिया जेसीबी सहित पोकलेन के माध्यम से खड्डों व लोगों की जमीनों को भी खोदने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। जेसीबी व पोकलेन का प्रयोग करने से खड्डों में काफी गहरे गड्ढे पड़े हुए हैं तथा जलस्तर भी काफी नीचे चला गया है।
इसके अतिरिक्त खड्डों के पानी के बहाव ने भी अपना रुख बदल लिया है जिस कारण लोगों की मलकीयती जमीनों को नुकसान हो रहा है। जनता ने कहा कि खड्डों किनारे स्थित क्रशरों की जेसीबी व पोकलेन दिन-रात चलती हैं लेकिन खनन माफिया पर कोई भी लगाम लगाने में पहल नहीं करता है। क्रशर उद्योगों में अंडरग्राउंड हौद भी नहीं बनाए गए हैं जिसके चलते क्रशर का दूषित पानी सीधा खड्ड के पानी में मिला दिया जाता है जबकि क्रशर का पानी पहले हौद (टँकी) में डाला जाना चाहिए तथा सिल्ट के बैठने उपरान्त साफ पानी को खड्ड के पानी में डाला जाना चाहिए।
खनन विभाग द्वारा क्रशरों में दबिश तो दी जाती है लेकिन नियमों को दरकिनार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है। कई क्रशरों के तो बिजली के कनेक्शन काट दिए गए हैं जोकि अब जनरेटरों के सहारे चल रहे हैं व क्रशर मालिक चांदी कूट रहे हैं। देहर खड्ड का पानी सुबह 11 बजे तक साफ होता है और उसके बाद क्रशरों के चलने से खड्ड का पानी मटमैला हो जाता है।
यह पानी पशुओं को पिलाने के लायक भी नहीं रहता और खड्ड मे लोगों को कपड़े धोने, नहाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उद्योग मंत्री शहीत जिलाधीश कांगड़ा, एसपी कांगड़ा से क्रशर उद्योगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति के बोल:
इस बारे में जिलाधीश कांगड़ा राकेश प्रजापति ने कहा कि नियमों को दरकिनार कर चल रहे क्रशरों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि खनन विभाग व पुलिस को क्रशर उद्योगों के खिलाफ सख्ती बरतने को कहा गया है।
एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन के बोल:
इस बारे में एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने कहा कि पुलिस द्वारा खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि खनन माफिया को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
