जयराम आपदा को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करते रहे और जब केंद्र से मदद मांगने और राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की बारी आई तो पलट गए।
शिमला – नितिश पठानियां
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि नेता विपक्ष जयराम ठाकुर हिमाचल के पलटूराम हैं। जयराम आपदा को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करते रहे और जब केंद्र से मदद मांगने और राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की बारी आई तो पलट गए। यह बात लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने विधानसभा परिसर में प्रेस वार्ता में कहे।
उन्होंने विपक्ष के मौन पर कई सवाल उठाए। विक्रमादित्य ने कहा कि सदन में भाजपा ने संकल्प का समर्थन नहीं कर साबित कर दिया है कि वह आम जनता विरोधी हैं।
सरकार ने आपदा प्रभावितों के राहत एवं पुनर्वास के लिए 12 हजार करोड़ के विशेष पैकेज की मांग के लिए प्रस्ताव पास किया। इसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष का जनता विरोधी चेहरा इतिहास में याद रखा जाएगा।
मंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार ने चुनावों से पहले करोड़ों रुपये के ठेके चहेते ठेकेदारों को दिए। अब पूर्व सरकार द्वारा की बंदरबांट पर पर्दा डालने के लिए कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस सरकार इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इन ठेकों की सरकार जांच करवाएगी। जो सही कार्य नहीं पाया जाएगा, उसे पेमेंट नहीं की जाएगी।

