एक आम परिवार से मुख्यमंत्री बने सुक्खू समझते हैं आम आदमी का दर्द।
देहरा – शिव गुलेरिया
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत ढ़लियारा में आयोजित मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की रैली एतिहासिक रही। करीब 12 हजार लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। रैली में लोगों में जो उत्साह रहा, उस से यह बात साफ है कि देश में बदलाव की हवा है। लोग कांग्रेस के समर्थन में हैं और देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनना तय है।
मुख्यमंत्री की रैली के बारे में जानकारी देते हुए यह बात हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू लोगों में अपनी जन हितैषी नीतियों से बेहद लोकप्रिय हैं।
पुरानी पैंशन बहाली, इंदिरा गांधी प्यारी बहन सुख सम्मान योजना, सुख आश्रय योजना, युवाओं, किसानों और बागवानों आदि के लिए शुरू की गई विभिन्न योजनाएं लोगों के लिए हितकारी साबित हो रही हैं। यही कारण है कि एक आम परिवार से निकल कर मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे सुखविंद्र सिंह सुक्खू लोगों के चहैते बन गए हैं।
अपनी एक भी योजना का जिक्र नहीं कर रही भाजपा
डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा की जीत तय है, मोदी के नाम का इस्तेमाल कर अनुराग ठाकुर भले ही लंबे समय से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से जीतते आ रहे हैं लेकिन जो वायदे उन्होंने लोगों से किए थे, उनमें से एक भी वायदा वह पूरा नहीं कर पाए हैं।
डॉ. राजेश ने चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा मोदी सरकार की नोटबंदी, जीएसटी, अग्निवीर, मेक इन इंडिया, नमामी गंगे, मेड इन इंडिया, आदर्श गांव, स्मार्ट सिटी, 15-15 लाख, स्किल इंडिया, मुद्रा लोन, लुक इस्ट पॉलिसी, करोंड़ो रोजगार, नारी शक्ति, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ व कोरोना वैक्सीन आदि में से किसी एक योजना का तो चुनाव प्रचार में जिक्र करे।
केंद्र सरकार की उक्त सभी योजनाएं पूरी तरह बिफल रही हैं, यही कारण है कि भाजपा इन योजनाओं का चुनाव प्रचार में जिक्र तक नहीं कर पा रही है।
कांग्रेस का न्याय पत्र देगा देश को नई दिशा
डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के न्याय पत्र में 5 मुख्य गारंटियों का जिक्र है, जिसमें यह भी दर्शाया गया है कि इन गारंटियों को पूरा करने के लिए धन का प्रावधान कैसे किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का न्याय पत्र देश भविष्य तय करेगा जबकि भाजपा का घोषणा पत्र पूर्व की भांति मात्र जुमला पत्र है।

