
ब्यूरो- रिपोर्ट
प्रदेश सरकार के जनमंच कार्यक्रम में रविवार को कुल्लू जिले के हरिपुर में क्षेत्र की ज्यादा समस्याएं रखने पर एक बुजुर्ग का शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर के सामने ही वहां मौजूद अधिकारी ने माइक बंद करवा दिया। बुजुर्ग लोत राम सिंचाई कूहल, सड़क, पुल व अवैध कब्जों की समस्याएं रख रहे थे। शिक्षा मंत्री के कहने पर माइक दोबारा ऑन किया गया।
रविवार को 10 जिलों में जनमंच कार्यक्रम में 1056 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का निपटारा किया गया। उधर, सोलन जिले के परवाणू में पानी की समस्या को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल के सामने दो गुटों में बहस हो गई।
इसे लेकर माहौल गर्म हो गया। समस्या रखने के बाद दोनों गुटों में लगभग 15 मिनट तक बहस होती रही। फिर पुलिस को बुलाकर मामला शांत करवाया। पानी की समस्या का समाधान नहीं होने पर मंत्री ने जल शक्ति विभाग के जेई को फटकार लगाई है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब समस्या को लेकर जल शक्ति विभाग के जेई से बात की जाती है तो वह कहते हैं कि जहां शिकायत करनी है, कर लो। इस पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने जेई को फटकार लगाते हुए काम करने के लिए उपयुक्त स्थान देखने की भी बात कह दी।
