
चम्बा- भूषण गुरुंग
चंबा-सेरी-उटीप मार्ग पर वीरवार देर रात दर्दनाक घटना पेश आई है। उटीप के पास एक आल्टो कार के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार एक महिला की मौत हो गई है। महिला की पहचान इंद्रा देवी पत्नी तिलक राज गांव मनोग डाकघर कुम्हारका तहसील व जिला चंबा के रूप में हुई है। घटना में पिता तिलक राज व पुत्र अनिल कुमार घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दंपती व बेटा आल्टो कार में सवार होकर घर जा रहे थे। जब यह कार उटीप के पास पहुंची तो चालक ने अचानक कार पर से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे सड़क से उतरकर करीब 50 मीटर नीचे जा गिरी। वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने घटना को लेकर लोगों को सूचित किया।
दुर्घटना का पता चलने के साथ ही आस-पड़ोस के लोग गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद सदर थाना चंबा से पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची व लोगों की सहायता से सभी घायलों को सड़क तक पहुंचाने के साथ इलाज के लिए मेडिकल कालेज चंबा लाया। वहां पर चिकित्सकों ने इंद्रा देवी देवी को मृत घोषित कर दिया।
