हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश में जिला बिलासपुर की पंचायत दयोथ के गांव हम्बार में बुधवार रात को तेंदुए ने घर के पास व्यक्ति पर हमला कर दिया। इस हमले में ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है और ग्रामीण भय के साये में जीने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार देर रात ओमप्रकाश घर के पास ही थे, तभी घात लगाए बैठे तेंदुआ उन पर झपट पड़ा। उनकी चीख सुनकर स्वजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया।
गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल मार्कण्ड अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। ओम प्रकाश की बाजू में नाखुन के चार और पीठ के निचले हिस्से में सात निशान एवं जख्म हैं।
राहत की बात यह है कि ओम प्रकाश का शोर सुनते ही स्वजन और ग्रामीण चंद ही सेकेंड में इकठ्ठा हो गए, जिन्हें देखकर तेंदुआ भाग गया, अन्यथा स्थितियां गंभीर हो सकती थी।
घटना के बाद गांव हम्बार सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से इलाके में तेंदुए की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। शाम होते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं और बच्चों तथा बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रभावित क्षेत्र में तुरंत पिंजरा लगाया जाए और गश्त बढ़ाई जाए, ताकि तेंदुए को पकड़कर लोगों को राहत मिल सके। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने भी इलाके पर नजर रखना शुरू कर दिया है। विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने और रात के समय अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। उधर डीएफओ बिलासपुर राजीव कुमार ने बताया कि विभागीय टीम गांव में भेजी गई है। तेंदुए की तलाश की जा रही है।

