
कोटला- ब्यूरो
कोटला क्षेत्र में देहर खड्ड किनारे हो रहे अवैध खनन को लेकर स्थानीय लोग काफी परेशान है। खनन माफिया घरों के पास ही खनन करना शुरू कर देते हैं। और उनको मना करने पर लड़ाई – झगड़े व मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। लेकिन कोई भी विभाग खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा।
आखिरकार खनन विभाग नूरपुर ने रविवार को पुलिस-प्रशासन को साथ लेकर कोटला क्षेत्र में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई की है जिससे खनन माफिया में हडक़ंप मच गया है।
खनन अधिकारी प्रीतपाल सिंह ने बताया कि खनन विभाग के अधिकारियों व पुलिस टीम ने कोटला क्षेत्र के बल्ला गांव में देहर खड्ड के किनारे औचक निरीक्षण किया तथा अवैध खनन कर इकट्ठा किया गया ।लगभग 2 हजार ट्राली रेत, बजरी एवं पत्थर को जब्त कर सफेद चूना के निशान लगाकर अंकित किया।
उन्होंने कहा कि इसकी रिपोर्ट माइनिंग ऑफिसर को भेजेंगे एवं कुछ ही दिनों में निविदा आमंत्रित कर इसकी नीलामी की जाएगी।
प्रीतपाल सिंह ने कहा कि विभाग निरंतर अवैध खनन पर नजऱ रख रहा है तथा आवश्यक कार्रवाई अमल में ला रहा है। आगे भी खनन विभाग लगातार इस प्रकार की कार्रवाई जारी रखेगा।
खनन अधिकारी ने कहा कि अवैध खनन के विरुद्ध विभाग सख्त कार्रवाई जारी रखेगा क्योंकि इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नही जाएगा। उन्होंने सभी लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की है।
इस मौके पर सोलधा उपप्रधान सतनाम पठानिया ने कहा कि अवैध खनन से उनके पंचायत के लोगों की जमीनों को भी नुकसान पहुंच रहा है और पंचायत के विकास संबंधी अन्य कार्य बाधित हो रहे हैं। वही बुद्धिजीवियों का कहना है कि अवैध खनन तो ट्रैक्टर वाले कर रहे हैं। और इल्जाम क्रेशर वालों पर लग रहा है। जो रविवार को बल्ला गांव मे देखने को मिला ।
जिसमें ट्रैक्टर मालिकों ने अवैध खनन करके रेत , बजरी व पत्थरों के ढेर देहर खड्ड के किनारे लगाए थे । और लगभग 2 हजार ट्राली के डंप लगा रखे थे । जिनको माइनिंग अधिकारी ने अपने कब्जे में लिया।
