चंडीगढ़, बद्दी, बरोटीवाला व परवाणू जाने वाले यात्री हो रहे तंग, विधायक केवल सिंह पठानिया ने शुरू करवाई थी बस
कोटला – स्वयम
विधानसभा क्षेत्र ज्वाली के अधीन कोटला से चंडीगढ़ को चलने वाली ऊना डिपो की सरकारी सेवा पिछले करीब डेढ़ माह से बंद पड़ी है, जिस कारण बद्दी, परवाणू, बरोटीवाला, चंडीगढ़ इत्यादि आने-जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अब सीधी बस लेने लिए नूरपुर या देहरा में टेक्सियों के माध्यम से जाना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक व मानसिक परेशानी हो रही है। यह बस विधानसभा क्षेत्र ज्वाली की बैल्ट कोटला, विधानसभा शाहपुर, विधानसभा देहरा, विधानसभा कांगड़ा, विधानसभा ज्वालामुखी सहित कई विधानसभाओं को जोड़ती थी तथा जनता को इसका भरपूर लाभ होता था, लेकिन डेढ़ माह से बस के बंद होने के कारण लोग काफी परेशान हो रहे हैं।
इस बस सेवा का लाभ चंबा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र की दो पंचायतों, ज्वाली की 16 पंचायतों, शाहपुर की पांच, कांगड़ा की छह पंचायतों को मिल रहा था। उक्त विस क्षेत्रों के अधिकतर युवा बद्दी, परवाणू, बरोटीबाला व चंडीगढ़ में जॉब करते हैं तथा उनका अकसर ही घर आना व घर से कार्यस्थल पर जाना लगा रहता है।
यह सरकारी बस आवागमन करने के लिए काफी फायदेमंद थी। इस बस के बंद होने से लोगों को आवागमन करने में कई बार बसें बदलनी पड़ रही हैं तथा ऐसे में बार-बार बसों से सामान उतारना व चढ़ाना पड़ता है। इस बस को जब केवल सिंह पठानिया हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष थे, तो उस समय जनता की मांग पर चलाया गया था, लेकिन अब इस बस को अकारण बंद कर दिया गया है।
लोगों ने कहा कि अक्सर ही बिना कारण इस बस को बंद कर दिया जाता है। पहले कोरोना के कारण यह बस दो साल तक बंद रहीए उसके बाद अब हाल ही में इसको पुन: चलाया गया और अब डेढ़ माह से इसको फिर बंद कर दिया गया है।
बुद्धिजीवियों ने कहा कि कांगड़ा के मंत्री चंद्र कुमार भी खामोशी से यह सब होता हुआ देख रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि उनका डिपो की कोटला से चंडीगढ़ को चलने वाली बस के रूट को चालू किया जाए अन्यथा लोग प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
विधायक के बोल
शााहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि इसके बारे में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री से बात की जाएगी तथा बस को शुरू करवाया जाएगा।

