
कुल्लू- मनदीप सिंह
जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान कुल्लू में पहली 19वीं राष्ट्रीय ऑल इंडिया कोर्फ बाल फेडरेशन कप का आयोजन किया जाएगा। इसका शुभारंभ उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने किया। कोर्फ़ वाल एसोसिएशन के महासचिव बीआर सुमन ने मुख्यातिथि का जोरदार स्वागत किया।
इसके बाद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। हिमाचल कोर्फ बाल एसोसिएशन के महासचिव बीआर सुमन ने फेडरेशन की पूरी जानकारी मुख्यातिथि के समक्ष पेश की। उन्होंने बताया कि इस फेडरेशन कप के आयोजन में आठ राज्यों की टीमें भाग ले रही है।
इसमें केरल, पांडीचेरी, तामिलनाडू, तेलंगाना, प.बंगाल, महाराष्ट्र, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की टीमें शामिल है। बीआर सुमन ने बताया कि पिछली बार राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिता हरियाणा के पलवल में हुई थी और इसमें 26 टीमों ने भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में शीर्ष आठ स्थानों पर रहने वाली आठ टीमें इस बार कुल्लू में आयोजित इस फेडरेशन कप में भाग ले रही है। उन्होंने बताया कि इस फेडरेशन कप का समापन तीन अक्तूबर को होगा।
मुख्य अतिथि उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने प्रतिभागी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी राज्यों से आए खिलाड़ी खेल को खेल की भावना से खेलें।
उन्होंने प्रतियोगिता करवाने के लिए फेडरेशन के सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कोरोना के बाद काफी समय के बाद इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आशुतोष गर्ग ने कहा कि इस प्रतियोगिता में महिला और पुरुष एक साथ खेलते हैं। इस खेल से महिला और पुरुष दोनों आगे बढ़ते हैं इसके अतिरिक्त अन्य कोई खेल नहीं है जिसमें महिला पुरुष एक साथ खेलते है। उन्होंने आयोजनकर्ता को इसके लिए शुभकामनाएं दी।
इस मौके पर शिक्षा उपनिदेशक उच्च शांति लाल, दीप्ति, फेडरेशन के सचिव सुरेश कुमार सहित फेडरेशन के सभी पदाधिकारी व सदस्य ओर खिलाड़ी मौजूद रहे।
