देहरा विधानसभा क्षेत्र में दोनों पार्टियों ने पूर्व प्रत्याशियों को नहीं दिया टिकट
देहरा – शिव गुलेरिया
कांग्रेस पार्टी ने देहरा से डा. राजेश शर्मा का टिकट काट दिया है और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश कुमारी को टिकट लगभग तय हो गया है, पर पिछले कई दिनों से चुनाव प्रचार में डटे डा. राजेश शर्मा अब क्या भूमिका निभाएंगे, इस पर सब की निगाहें लगी हुई है।
उधर, भाजपा ने भी पूर्व में पार्टी के प्रत्याशी रहे रमेश धवाला की टिकट काटकर दो बार आजाद विधायक जितने वाले होशियार सिंह को पार्टी में शामिल कर टिकट थमा दिया है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में बदले सियासी समीकरणों से मुकाबला रोचक हो गया है।
खासतौर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी के चुनाव मैदान में उतरने के बाद अब पूरे प्रदेश ही नहीं देश भर की नजरें देहरा विधानसभा क्षेत्र पर रहने वाली है, लेकिन इन सब के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस व्यक्ति की पहले लोकसभा और अब विधानसभा में भी टिकट कट गई, वह अब क्या करेंगे।
भाजपा में भी पूर्व में मंत्री रहे और कभी धूमल सरकार बनाने वाले रमेश धवाला का अगला कदम क्या होगा, इस पर भी सबके निगाहें लगी हुई है। भाजपा की ओर से होशियार सिंह को प्रत्याशी घोषित करने के बाद रमेश धवाला कांग्रेस से टिकट की उम्मीद लगा रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने न रमेश को टिकट दी और न राजेश को।
इन दोनों के बीच कमलेश के बाजी मारने से अब सियासी गलियारों में चर्चा है कि इन दोनों में कौन उलटफेर करेगा और इसका सियासी लाभ किसे मिलेगा। बताया जा रहा है कि रमेश और राजेश दोनों ही देहरा में लंबे समय से डटे हुए हैं और जनता के बीच अपनी मजबूत पकड़ भी रखते हैं, क्या अब दोनों ही नेता अपनी-अपनी पार्टी के साथ चलेंगे या फिर कोई नया दांव खेलेंगे। नामांकन भरने की तिथि भी 21 जून तक है।

