प्रदेश सरकार ने 32 करोड़ के बाद जारी की दूसरी किस्त, पांच मुहालों के विस्थापितों के आवार्ड तैयार
हिमखबर – व्यूरो रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश की बड़ी एवं महत्त्वाकांक्षी परियोजना कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण की जद में आने वाले प्रभावितों के खातों में मुआवजा राशि डलनी शुरू हो गई है। प्रदेश सरकार ने 32 करोड़ की पहली किस्त जारी करने के बाद इस कार्य को गति देने के लिए 126 करोड़ की दूसरी किस्त भी जारी कर दी है, जिससे अन्य मुहाल के लोगों के खाते में भी धनराशी डाली जा सके। अवार्ड बनाने के बाद जिन प्रभावितों ने अपनी सहमति दे दी है, उनके खातों में धनराशी डाली जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन ने अब तक पांच मुहालों के अवार्ड तैयार कर लिए हैं और प्रभावितों को सांैंपे जा रहे हैं। एयरपोर्ट प्रभावितों की सहमति मिलने के बाद उनके खातों में मुआवजा राशि क्रेडिट की जा रही है। प्रदेश सरकार इस बड़े प्रोजेक्ट को जल्द धरातल पर लाने में जुटी है। इसलिए हर काम को स्पीडअप किया जा रहा है।

इसी के तहत प्रदेश सरकार ने 126 करोड़ की दूसरी किस्त भी जारी कर दी है। प्रशासन ने अभी तक पांच मुहालों के अवार्ड बना लिए हैं और बाकियों को बनाने का काम चल रहा है। कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत कांगड़ा और शाहपुर उपमंडल के कुल 3,566 भू-मालिक प्रभावित हो रहे हैं।
अधिग्रहित होने वाली कुल भूमि में उपमंडल कांगड़ा के 2,164, जबकि शाहपुर के अंतर्गत कुल खसरा संख्या 874 है। कुल 3,191 कनाल भूमि का अधिग्रहण होना है। विस्तारीकरण की जद में 14 गांवों के भू-मालिक आएंगे।
एयरपोर्ट बनने से कांगड़ा को मिलेगी नई पहचान
कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि प्रदेश को पर्यटन क्षेत्र में बड़ी पहचान देने के मकसद से कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार किया जा रहा है। इसके लिए प्रशासन ने सारी औपचारिकताओं को पूरा कर लिया है। एयरपोर्ट से प्रभावित होने वाले परिवारों को दी जाने वाली मुआवजा राशि के लिए आवार्ड बनाए जा रहे हैं और जो प्रभावित अपनी कंसेंट दे रहे हैं, उनके खातों में राशि डालने का काम भी शुरू कर दिया है।

