
बिलासपुर- सुभाष चंदेल
झंडूता उपमंडल की ग्राम पंचायत गन्ढीर तथा बल्हसीणा में संयुक्त रुप से रक्तदान तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया ! इस शिविर की अध्यक्षता संयुक्त रूप रूप से ग्राम पंचायत प्रधान नीलम धीमान तथा सुखदेव सिंह ने की !
स्वास्थ्य विभाग झंडूत्ता की ओर से मुख्य वक्ता के रूप में लगभग 100 उपस्थित पुरुष, महिलाओं तथा किशोर-किशोरियों को संबोधित करते हुए खंड स्वास्थ्य शिक्षक रमेश चंदेल ने बताया कि एक बार किया गया रक्तदान तीन जिंदगियों को बचा सकता है ! क्योंकि इससे एक ही समय में 3 घटक तीनों घटक प्लाज्मा, प्लेटलेट्स तथा आरबीसी प्राप्त करके अलग-अलग जरूरतमंदों को दिये जा सकते हैं !
रक्तदान के अन्य लाभों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे हमारा दिल स्वस्थ रहता है तथा दिल की बीमारियों और स्ट्रोक आदि से बचाव होता है ! क्योंकि इससे शरीर द्वारा ली गई आयरन की अधिकता संतुलित होती है, शरीर की कोशिकाएं रेड ब्लड सेल्स के उत्पादन हेतु प्रेरित होती हैं तथा यह कुछ हद तक भार कम करने में भी सफल होता है हालांकि वजन कम करने का यह विशिष्ट तरीका नहीं है!
चंदेल ने आगे कहा कि रक्तदान जहां एक ओर ब्लड प्रेशर को रेगुलेट करता है वहीं व्यक्ति का मानसिक व नैतिक स्तर भी ऊंचा करता है ! उन्होंने आगे बताया कि 18 से 60 साल के व्यक्ति सहजता से 2 महीने के अंतराल पर रक्तदान कर सकते हैं ! महिलाएं जिन का एचबी लैवल 12 ग्राम या इससे ऊपर है, रक्तदान कर सकती हैं ! गर्भावस्था दूध पिलाने की स्थिति में तथा मासिक धर्म काल में महिलाओं को रक्तदान नहीं करना चाहिए !
इस अवसर पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य टीम सदस्य पंकज धीमान ने भी अपने विचार रखे तथा रक्तदान हेतु लोगों से आगे आने का आग्रह किया ! इसके साथ-साथ इस बहु-आयामी जागरूकता शिविर में लोगों को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, हिम केयर, सहारा, गैर संचारी रोगों, पोषण अभियान, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम पर भी विस्तार से जानकारी दी गई !
उपस्थित शिविर में सभी पंचायत सदस्यों, पंचायत सचिव हिमांशु शर्मा, आशा कार्यकर्ताओं विजय कुमारी, अंजना, प्रेमलता, बबली, आशा, नीता कुमारी आदि सहित कुलदीप ,सुभाष चंद्र, ममता, कमलेश ,सोमा देवी, लौकू राम, ममता कुमारी, बुद्धि सिंह, धर्म सिंह तथा उप प्रधान विजय कौशल आदि ग्रामीणों ने भाग लिया !
