
काँगड़ा – राजीव जस्वाल
पुलिस थाना गगल के तहत 10 फरवरी को इच्छी गांव से लापता महिला परमजीत को ढूंढ निकाला है। महिला लखनऊ के एक आश्रम में पाई गई। गगल पुलिस थाना के प्रभारी पुष्पराज ने बताया के स्वजनों ने 11 फरवरी को गगल पुलिस थाने में विवाहित महिला की गुमशुदी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला के मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे ढूंढ निकाला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 22 मार्च को गगल से लखनऊ के लिए टीम रवाना की। 27 मार्च को लखनऊ से लाकर महिला को उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
महिला के पति विनय कुमार और ससुर ने बताया कि हमें बहुत खुशी है कि पुलिस ने गहनता से छानबीन करके व लोकेशन के माध्यम से ढूंढा। पुलिस ने बताया के महिला की कुछ दिनों से मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। फरवरी महीने में उसकी मुलाकात टांडा मेडिकल कालेज में लखनऊ की एक युवती से हुई थी, जो यहां ट्रेनिंग करती थी।
उसने बताया था कि लखनऊ के प्रयागराज में एक आश्रम है, जहां पर मानसिक रोग सत्संग सुनने से दूर हो जाते हैं। इस पर महिला 10 फरवरी को लखनऊ के प्रयागराज आश्रम में चली गई थी। जब आश्रम में सत्संग सुन रही थी तो उसी वक्त पुलिस ने उसे ढूंढ लिया। पुलिस उसे वापस घर ले आई और स्वजनों के हवाले कर दिया।
