शिमला – नितिश पठानियां
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने परिवहन विभाग के अंतर्गत एचआरटीसी में कंडक्टर के पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा और डॉक्यूमैंट वैरीफिकेशन के आधार पर उत्तीर्ण हुए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। मैरिट सूची में 357 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं और इन उम्मीदवारों के नाम नियुक्ति के लिए प्रदेश सरकार के समक्ष प्रेषित कर दिए हैं।
हालांकि लोक सेवा आयोग ने एचआरटीसी में कंडक्टर के 360 पदों को भरने के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की थी लेकिन आरक्षित वर्ग एससी ऑफ एचपी (डब्ल्यूएफएफ) के 3 पदों पर योग्य उम्मीदवार न मिलने के कारण इन पदों को भरा नहीं जा सका है।
बीते वर्ष 10 दिसम्बर को कंडक्टर (पोस्ट कोड-1031) के पदों को भरने के लिए लिखित टैस्ट आयोजित हुआ था और इसमें 826 उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए थे। इसके बाद डॉक्यूमैंट वैरीफिकेशन की प्रक्रिया 24 व 25 फरवरी और 3 मार्च को छोड़कर बीते 19 फरवरी से 6 मार्च तक चली और शनिवार को यह परिणाम घोषित किया गया।
लोक सेवा आयोग के सचिव देवेंद्र कुमार रत्तन ने बताया कि उत्तीर्ण हुए 357 उम्मीदवारों के नाम नियुक्ति के लिए प्रदेश सरकार के समक्ष भेज दिए हैं। विस्तृत परिणाम व चयनित उम्मीदवारों की सूची वैबसाइट पर उपलब्ध करवा दी है।
इसमें सामान्य वर्ग में 130, यूआर में 4, ईडब्लूएस में 38, ओबीसी में 63, बीपीएल में 13, डब्लूएफएफ में 2, एससी 73, एससी बीपीएल 13, एससी डब्लू एफएफ में 1, एसटी श्रेणी में 15 और बीपीएल में 5 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।

