
धर्मशाला – राजीव जस्वाल
विकास खंड धर्मशाला के तहत पंचायत पंतेहड़ पासू व मनेड़ के बाशिंदे आगामी विधानसभा चुनावों का बहिष्कार करेंगे। ग्रामीणों ने यह फैसला पिछले 16 माह में दो पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीणों को लाभ पहुंचाने वाले जीप योग्य पुल का निर्माण कार्य शुरू न होने से खफा होकर लिया है।
पुल का शिलान्यास हुए चार माह का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक एक ईंट भी इस पुल के निर्माण के लिए नहीं लग पाई है। जानकारी के अनुसार 12 जुलाई, 2021 को मांझी खड्ड में आए पानी के तेज बहाव से पंचायत पंतेहड़ पासू के वार्ड नंबर पांच में बना जीप योग्य पुल बह गया था। इसके चलते पंतेहड़ पासू और मनेड़ पंचायत के सैकड़ों लोगों का संपर्क मुख्य सड़क मार्ग से कट गया था।
ग्रामीणों को मुख्य सड़क मार्ग तक पहुंचने के लिए करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। हैरानी इस बात की है कि पुल की आधारशिला धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया ने पहली मई, 2022 को रखी थी।
लेकिन अब चार माह बीत जाने के बाद भी पुल का निर्माण शुरू नहीं हुआ। इस बारे में ग्रामीण कई बार जिला प्रशासन, स्थानीय विधायक व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तक मिल चुके हैं, लेकिन उन्हेें आश्वासनों के सिवाय आज दिन तक राहत नहीं मिली है।
दो माह में तैयार होगा पुल : नैहरिया
धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया ने कहा कि बरसात की वजह से पुल के निर्माण कार्य में देरी हुई है। लोक निर्माण विभाग को राशि मुहैया करवाई गई है तथा ठेकेदार को बरसात खत्म होते ही निर्माण कार्य शुरू करने के लिया कहा गया है। इस पुल को दो माह में तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
