
ऊना – अमित शर्मा
बंगाणा उपमंडल के तहत गोबिंद सागर झील के घाटों पर स्थानीय युवक नहाने को लेकर पुलिस कर्मचारियों के साथ उलझ पड़े। झील के अंदरोली पर्यटन स्थल पर मोहाली के सात युवकों की डूबने से हुई मृत्यु के बाद भी लोग सबक नहीं ले रहे हैं।
प्रशासन ने गोबिंद सागर झील के पानी के नजदीक जाने पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाया हुआ है। लठियाणी व कोलका घाट पर दो-दो पुलिसकर्मियों की तैनाती लोगों को पानी के नजदीक न जाने देने के लिए की गई है, लेकिन फिर भी स्थानीय लोग ही पुलिस व प्रशासन के नियमों की अवहेलना कर रहे हैं।
झील के लठियाणी घाट पर उपमंडल बंगाणा के एक युवक द्वारा पुलिस कर्मियों के साथ हाथापाई व गाली गलौज करने का मामला रविवार के दिन सामने आया है। उक्त युवक लठियाणी घाट पर नहाने के लिए पुलिसकर्मियों से उलझ पड़ा।
पुलिस कर्मचारी उक्त युवक को झील में नहाने के लिए मना कर रहे थे, लेकिन बताया जा रहा है कि युवक झील में नहाने को लेकर पुलिस कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व हाथापाई पर उतर आया। पुलिस कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस थाना व युवक के स्वजन को दी।
स्वजन ने घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस कर्मचारियों से युवक की ओर से माफी मांगी। हालांकि दोनों पक्षों में सहमति होने के बाद मामले को सुलझा लिया गया लेकिन सवाल यह है कि अगर स्थानीय लोग ही प्रशासन के नियमों को अगर दरकिनार करते हैं तो अन्य राज्यों के श्रद्धालु कब नियमों का पालन करेंगे।
रविवार को हुए इस घटनाक्रम की पुलिसकर्मियों द्वारा जिस तरह सख्ती बरती गई। भविष्य में पुलिस को गोबिंद सागर झील के नजदीक जाने बाले लोगों से और भी सख्ती से पेश आने की जरूरत है।
हालांकि प्रत्येक वीरवार को भी स्थानीय लोगों की भीड़ गोबिंद सागर झील के घाटों पर देखी जा सकती है। यदि स्थानीय लोग ही पुलिस व प्रशासन के नियमों की अवहेलना करेंगे। तो अन्य राज्यों के श्रद्धालु कब प्रशासन के नियमों को मानेंगे। पुलिस व प्रशासन को गोबिंद सागर झील के नजदीक जाने वाले लोगों के लिए और भी कड़े नियम बनाने की जरूरत है।
बंगाणा थाना प्रभारी प्रेमपाल शर्मा ने बताया कि युवक व उसके स्वजन द्वारा माफी मांगने के बाद मामला सुलझ गया है। झील के किनारे किसी को भी जाने की अनुमति नहीं है जो आदेशों की अवहेलना करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
