
कोटला- स्वयंम
क्षेत्र जवाली के अंतर्गत कोटला बाजार में लाखों की लागत से लगाई गई है मास्ट लाइट पिछले चार महीने से शोपीस बनी हुई है। इस हाई मास्ट लाइट को जवाली के विधायक अर्जुन सिंह द्वारा करीबन चार माह पहले लगवाया गया था लेकिन चार महीने से इसको बिजली का कनेक्शन नहीं दिया गया जिसके चलते इसका समुचित लाभ नहीं मिल पाया है।
हाई मास्ट लगने से कोटला बाजार के करीबन 50-60 दुकानदारों को उम्मीद जगी थी कि अब रात को बाजार दूधिया रोशनी से जगमगाता रहेगा परन्तु चार माह से इसको बिजली कनेक्शन ही नहीं मिल पाया। दुकानदारों ने कहा कि अगर इसको कनेक्शन नहीं देना था तो फिर लाखों रुपए खर्च कर इस लाइट को लगाने का क्या औचित्य रहा।
उन्होंने कहा कि यह हाई मास्ट लाइट भी कोटलावासियों के लिए ड्रामा बनकर रह गई है। इस हाई मास्ट लाइट को बिजली का कनेक्शन न दिया जाना भी कोटला की अनदेखी को दर्शाता है। दुकानदारों सहित लोगों ने विधायक अर्जुन सिंह सहित एसडीएम जवाली से मांग उठाई है कि हाई मास्ट लाइट कोटला को बिजली कनेक्शन देकर चालू करवाया जाए ताकि इसका रात्रि लाभ जनता को मिल सके।
पंचायत प्रधान रीता देवी के बोल:
इस बारे में कोटला पंचायत प्रधान रीता देवी ने कहा कि जल्द ही पंचायत द्वारा हाई मास्ट लाइट को कनेक्शन दिया जाएगा व लाइट चालू करवाई जाएगी। जल्द ही इसकी दूधिया रोशनी से कोटला बाजार जगमगाएगा।
क्या कहते हैं विधायक अर्जुन सिंह:
विधायक अर्जुन सिंह ने कहा कि पंचायत कोटला द्वारा इस हाई मास्ट लाइट को कनेक्शन देने के लिए कहा गया है तथा जल्द ही लाइट चालू करवाई जाएगी।
