
मंडी- नरेश कुमार
आराध्य देवता सत श्री देव बाला कामेश्वर के मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष धर्म सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रात: 7 बजे मंदिर कमेटी के मुख्य सलाहकार हेम सिंह वालिया ने उन्हें टैलीफोन द्वारा सूचना दी कि मंदिर में चोरों ने ताले तोड़कर देवता के लाखों के आभूषण व मोहरे चुरा लिए हैं।
धर्म सिंह ठाकुर ने बताया कि चोर देवता का छत्र, छड़ी, चांदी की आरती की थाली, लोटा, सिक्कों की माला, गिलास व चांदी के आभूषण व मंदिर के बाहर रखे दानपात्र का ताला तोड़ कर नकदी भी चुरा ले गए हैं। उन्होंने कहा कि सब मिलाकर लगभग 6 किलो चांदी व नकदी चोरी हुई है।
कसारला पंचायत के प्रधान संत राम ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों को सलाखों के पीछे डाला जाए। एसएचओ बल्ह कमलेश कुमार ने बताया कि मामले की तफ्तीश चल रही है। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जल्द ही चोर उनकी पकड़ में होंगे।
