
शिमला- जसपाल ठाकुर
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि शवों की राजनीति कांग्रेस नहीं भाजपा करती है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने देश भर में पुलवामा हमले के बलिदानी सैनिकों के नाम पर वोट मांगे थे। वीरभद्र सिंह पार्टी के सम्मानित नेता थे। दिन रात एक कर प्रदेश को इस मुकाम तक पहुंचा है। उनकी उपलब्धियों पर वोट मांगने में कोई बुराई नहीं है।
भाजपा ने अपने प्रत्याशी के नामांकन पर कार्यकर्ताओं को लाने के लिए गाड़ियों की व्यवस्था की थी। कांग्रेस के कार्यक्रम में सभी लोग अपनी गाड़ियों में आए थे। शनिवार को मंडी के गांधी भवन में पत्रकारवार्ता में कुलदीप सिंह राठाैर ने कहा उपचुनाव में महंगाई व बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है। महंगाई जैसे मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास हो रहा है। भाजपा सफाई तक नहीं दे रही। केंद्र से जो कर्जा लिया जा रहा है। वह कहां जा रहा है। सरकार को इस पर श्वेतपत्र जारी करना चाहिए। भाजपा नेताओं ने मौन धारण कर लिया है। उन्होंने कहा कि चारों उपचुनाव के नतीजे चौंकाने वाले होंगे।
कांग्रेस चारों सीटों पर जीत हासिल करेगी। पंडित सुखराम परिवार को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में राठौर ने कहा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम वयोवृद्ध नेता है। उनके बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहता हूं। आश्रय शर्मा का मामला संज्ञान में है। पार्टी इस पर उचित निर्णय लेगी। कांग्रेस पर परिवारवाद के आरोप लगाने से पहले भाजपा नेताओं को अपने गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए। क्या अनुराग ठाकुर परिवारवाद की उपज नहीं है। अगर किसी परिवार का कोई व्यक्ति अच्छा काम कर रहा है उसे टिकट देने में कोई बुराई नहीं है।
प्रतिभा सिंह पहले से सक्रिय राजनीति में हैं। फतेहपुर हलके में पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया पार्टी के कद्दावर नेता थे। ब्लाक कांग्रेस ने प्रस्ताव पारित करने उनके बेटे को टिकट देने का अनुमोदन किया था। आवश्यक वस्तु अधिनियम व तीन कृषि कानून से महंगाई व पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़े हैं। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रकाश चौधरी व प्रवक्ता आकाश शर्मा भी उपस्थित थे।
