
चंबा उपमंडल चुराह के देवीकेठी क्षेत्र के हैल गांव में कोरोना विस्फोट हुआ है
धर्म, नेगी चुराह
उपमंडल चुराह के देवीकेठी क्षेत्र के हैल गांव में कोरोना विस्फोट हुआ है। गांव में एक दिन में ही 48 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जिला प्रशासन ने गांव के अलावा उसके दायरे में आने वाले कुछ क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर गांव को पूरी तरह से सील करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
उधर चंबा में फिर से कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ने लगा है। सोमवार को एक ही दिन में 61 लोग संक्रमित पाए गए हैं, जिससे चंबा में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 258 पहुंच गया है। इसके अलावा सोमवार को चंबा में 26 लोगों ने कोरोना को मात भी दी है।
विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के तहत चुराह के देवीकोठी डाकघर के अंतर्गत आने वाले हैल गांव से 48 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा इसी क्षेत्र के टेपा गांव से तीन व बाला से एक संक्रमण का मामला सामने आया है। वहीं जिला मुख्यालय चंबा के साथ लगते ओबड़ी मोहल्ला से एक, मंगला के ददियारा से एक, सरोल के दारली से एक, बरौर, मुगला, मसरूंड, भरमौर, जुगरा के सहवा व मलवास में एक-एक कोरोना संक्रमण का मामला सामने आया है।
चंबा में एक ही दिन में 61 कोरोना के मामले सामने आने से कोरोना संक्रमण ने एक बार फिर चिता बढ़ा दी है। प्रशासन व स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों से बार-बार अपील कर रहे हैं, कि अभी भी कोरोना का खतरा बरकरार है। ऐसे में नियमों का सख्ती से पालन करें।
बाजारों सहित अन्य क्षेत्रों में कुछ लोग बेपरवाह होकर घूम रहे है। लोगों द्वारा बरती जा रही यह लापरवाही खुद के लिए खतरा है। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा कपिल शर्मा का कहना है कि सोमवार को चंबा में 68 कोरोना के मामले सामने आए हैं, जिनमें से एक ही क्षेत्र से 50 से अधिक लोग संक्रमित पाए गए हैं।
संक्रमण के मामले बढ़ना चिता का विषय है। अगर लोग नियमों का सही ढंग से पालन नहीं करेंगे। यह स्थिति ओर भी गंभीर बन जाएगी। ऐसे में लोगों से बार-बार यही अपील है कि कोरोना नियमों का सख्ती से पालन करें।
