फतेहपुर में कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार की अध्यक्षता में ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित हुआ, विधायक भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि जनहित के मामलों का त्वरित निदान सरकार की प्राथमिकता है।
फतेहपुर 23 अक्तूबर – अनिल शर्मा
कांगड़ा जिला के फतेहपुर में शुक्रवार को ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित लोगों की समस्याएं सुनी गईं और प्राप्त जनसमस्याओं का मौके पर ही निपटारा सुनिश्चित किया गया।
कार्यक्रम में कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका नियमानुसार समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को गति मिलती है और आम जनता का प्रशासन पर विश्वास मजबूत होता है।
उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया कि वे अपनी समस्याओं और विकास संबंधी सुझावों को ऐसे मंचों के माध्यम से प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
दूध के न्यूनतम मूल्य को लेकर सरकार के फैसले का किया जिक्र
कृषि एवं पशुपालन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और पशुपालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने भैंस के दूध का न्यूनतम मूल्य 71 रुपये प्रति लीटर और गाय के दूध का न्यूनतम मूल्य 61 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया है।
उन्होंने कहा कि कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र को सुदृढ़ करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने ढगवार मिल्क प्लांट का जिक्र करते हुए बताया कि इसकी प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाई गई है। शीघ्र ही यहां प्रतिदिन डेढ़ लाख लीटर दूध के प्रसंस्करण की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे दूध के साथ विभिन्न दुग्ध उत्पादों के उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा और दुग्ध उत्पादकों को लाभ पहुंचेगा।
जनहित के मामलों का त्वरित निदान सरकार की प्राथमिकता : भवानी सिंह पठानिया
फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि ‘सरकार गाँव के द्वार’ जैसे कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इनके जरिए लोगों को अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है, जिससे समाधान की प्रक्रिया में तेजी आती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान, जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को प्राथमिकता दे रही है।
विधायक ने बताया कि वर्ष 2024 में छतर जोगियां में आयोजित इसी कार्यक्रम के तहत प्राप्त 107 जनसमस्याओं का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया गया था।
उन्होंने कहा कि फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया जा रहा है। क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने अधिकारियों से लोगों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आग्रह किया, ताकि आम जनता को अपने कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में बीडीसी अध्यक्ष अनीता कुमारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन जीत सिंह, उपायुक्त राहत एवं पुनर्वास कुलबीर सिंह राणा, डीएफओ संदीप कोहली, एसडीएम रमन कुमार, एएसपी डी.सी. वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।

