नौहराधार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नाइट ड्यूटी के दौरान छत से प्लास्टर गिरने से एक कर्मचारी घायल हो गया, घटना के बाद अस्पताल भवन की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सिरमौर – नरेश कुमार राधे
सिरमौर जिले के नौहराधार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के जर्जर भवन में कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां छत से सीमेंट-प्लास्टर की भारी परत गिरने से रात की ड्यूटी पर तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नरेश कुमार घायल हो गए। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नरेश कुमार ड्यूटी के दौरान सो रहे थे। इसी बीच अचानक छत से प्लास्टर टूटकर उनके पांव पर गिर गया। गनीमत रही कि प्लास्टर उनके सिर पर नहीं गिरा, अन्यथा गंभीर हादसा हो सकता था। घटना के बाद मौके पर मौजूद डॉक्टर और स्टाफ नर्स ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। नरेश कुमार के अनुसार, घायल होने के बावजूद उन्हें पूरी रात ओपीडी में ड्यूटी पर बैठे रहना पड़ा।
बताया जा रहा है कि इसी रात अस्पताल की लैब और दंत चिकित्सालय की छत से भी प्लास्टर गिरा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुराने भवन की छत से पहले भी प्लास्टर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद भवन की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
हैरानी की बात यह है कि अस्पताल का 30 बिस्तरों वाला नया भवन बनकर तैयार है। इसका उद्घाटन 23 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन किसी कारणवश कार्यक्रम टल गया। बताया जा रहा है कि नए भवन में अभी एक्स-रे मशीन और अल्ट्रासाउंड बेड जैसी जरूरी सुविधाएं स्थापित नहीं हुई हैं। इसके चलते नए भवन को शुरू करने में देरी हो रही है।
इस घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि जब नया भवन तैयार है, तो इसे जल्द शुरू करने के लिए कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं। वहीं, जब तक नए भवन में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं होतीं, तब तक पुराने जर्जर भवन में काम करने वाले कर्मचारियों और उपचार के लिए आने वाले मरीजों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी।

