माता त्रिपुरी भैरवा का 8 दिवसीय मेला पारंपरिक शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ। डीसी अपूर्व देवगन ने मेले का शुभारंभ किया।
मंडी – हिमखबर डेस्क
पंडोह से सटी ग्राम पंचायत स्योग में आठ दिवसीय माता त्रिपुरी भैरवा मेला सोमवार शाम विधिवत रूप से शुरू हुआ। मेले का शुभारंभ उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने किया। आयोजन स्थल पर पहुंचने पर उन्हें पारंपरिक पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने माता त्रिपुरी भैरवा मंदिर में पूजा-अर्चना की और पारंपरिक टमक का पूजन किया।
पूजन के बाद मंदिर से मेला मैदान तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भादो माह के चलते इस बार माता त्रिपुरी भैरवा का रथ शोभायात्रा में शामिल नहीं हुआ। हालांकि, देव चीटू जाड़ा, चर्तुभुजा माता और काली माता के रथों ने शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों पर श्रद्धालु झूमते-नाचते हुए मेला मैदान पहुंचे। यहां उपायुक्त ने रिबन काटकर मेले का विधिवत शुभारंभ किया।
मेला कमेटी के प्रधान नरेंद्र शर्मा और उपप्रधान फतेह राम ने उपायुक्त को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान डीसी मंडी ने कहा कि मेले का आयोजन आसान नहीं होता और ऐसे आयोजन जनसहभागिता के बिना सफल नहीं हो सकते। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए कमेटी और क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
वहीं, मेला कमेटी के प्रधान नरेंद्र शर्मा ने उपायुक्त के समक्ष मेले को जिला स्तरीय दर्जा देने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय दर्जा मिलने से क्षेत्र की प्राचीन संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा। उपप्रधान फतेह राम ने मेले के आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

