पौंग बांध के बीच कुठेड़ा टापू में फंसी 26 गायों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान पशुधन को टापू से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया।
ज्वाली – शिवू ठाकुर
विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर के अधीन पौंग बांध के मध्य पानी से घिरे कुठेड़ा टापू पर पिछले 10-11 दिनों से फंसे गौवंश को समाजसेवी रमेश दत्त कालिया की डिमांड पर तहसीलदार फतेहपुर दीपक शर्मा ने अपनी टीम के साथ किश्ती व वन्य प्राणी विभाग की मोटरबोट के माध्यम से वहां पर पहुंचकर सुरक्षित रेस्क्यू किया। इस टीम में बाड़ी पंचायत प्रधान रविन्द्र बग्गा, हड़वाल पंचायत उपप्रधान मोहन सिंह ने भी अपनी सेवा दी।
समाजसेवी रमेश दत्त कालिया ने कहा कि कुठेड़ा टापू में फंसी 26 गायों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है और जैसे ही गायों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला तो देखते ही देखते टापू भी पानी में डूब गया। अगर समय रहते गायों को बाहर न निकाला जाता तो यह बेसहारा गौवंश पानी में डूब जाता।
समाजसेवी रमेश दत्त कालिया ने कहा कि हमें टापू पर गौवंश के फंसे होने की सूचना मिली थी जिस पर मैंने अपने साथियों को साथ लेकर नाव के माध्यम से उक्त टापू पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
गौवंश को बाहर निकालने के लिए प्रशासन को अवगत करवाया तो तहसीलदार फतेहपुर दीपक शर्मा हमारे साथ कुठेड़ा टापू पर पहुंचे तथा किश्ती व वन्य प्राणी विभाग की मोटरबोट के माध्यम से टापू में फंसे गौवंश को सुरक्षित बाहर निकाला। रमेश दत्त कालिया ने इस कार्य के लिए तहसीलदार दीपक शर्मा सहित अपनी टीम का आभार जताया है।

