हमीरपुर के पर्वतारोही विशाल ने चार सदस्यीय दल के साथ जांस्कर रेंज की सबसे ऊंची चोटी नुन पर तिरंगा फहराकर उपलब्धि हासिल की। दल ने चार दिन में चोटी को फतह किया।
हिमखबर डेस्क
भारतीय पर्वतारोही विशाल ठाकुर ने हिमालय की जांस्कर रेंज की सबसे ऊंची चोटी नून पीक (7,135 मीटर) को सफलतापूर्वक फतह किया है। विशाल ठाकुर के नेतृत्व में चार सदस्यीय दल ने बेहद चुनौतीपूर्ण और तकनीकी अभियान को महज चार दिनों में पूरा किया। विशाल के साथ अभियान दल में राहुल, निकिता ठाकुर और राकेश सिंह नेगी शामिल रहे।
टीम ने 26 अगस्त को कारगिल के तांगोल गांव से अभियान शुरू किया और सफलतापूर्वक चोटी पर पहुंचने के बाद 30 अगस्त को तांगोल वापस लौटकर अभियान पूरा किया। नून पीक जांस्कर रेंज की सबसे ऊंची चोटी है और यह प्रसिद्ध नून-कुन मैसिफ का हिस्सा है। इसी मैसिफ में नून की सिस्टर पीक माउंट कुन (7077 मीटर) भी स्थित है।
नून पीक को एक तकनीकी ग्रेड की चोटी माना जाता है। इस तरह के अभियान के लिए पर्वतारोहण उपकरणों के इस्तेमाल की विशेषज्ञता, तकनीकी क्लाइंबिंग कौशल, ऊंचाई पर निर्णय लेने की क्षमता और कठिन परिस्थितियों में सुरक्षित तरीके से काम करने का पर्याप्त अनुभव आवश्यक होता है।
7000 मीटर से अधिक की ऊंचाई पर मौसम, दुर्गम भूभाग और ऑक्सीजन की कमी जैसी परिस्थितियां अभियान को और चुनौतीपूर्ण बना देती हैं। इसलिए नून पीक जैसे अभियान अनुभवी और तकनीकी रूप से प्रशिक्षित पर्वतारोहियों के लिए ही उपयुक्त माने जाते हैं।
हमीरपुर जिला की नाहलवीं पंचायत के धनवीं गांव के विशाल ठाकुर ने नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग उत्तरकाशी से पर्वतारोहण का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। नून पीक की यह सफलता विशाल ठाकुर के पहले के अभियानों की कड़ी में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
पिछले वर्ष उन्होंने अपनी टीम के साथ हिमाचल प्रदेश के स्पीति क्षेत्र में स्थित मणिरंग पीक को भी रिकॉर्ड समय में सफलतापूर्वक फतह किया था। इसके अलावा विशाल ठाकुर उत्तराखंड की ब्लैक पीक, मनाली स्थित फ्रेंडशिप पीक और युनाम पीक जैसी चुनौतीपूर्ण चोटियों पर भी सफल आरोहण कर चुके हैं।

