स्मार्ट बिजली मीटर लगाने को लेकर विवाद बढ़ गया। महिला ने बिजली विभाग के JE को थप्पड़ जड़ दिया और कर्मचारियों के साथ बहसबाजी की, जिससे मौके पर हंगामा हो गया।
हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में एक गजब घटना हुई है। पुलिस थाना हमीरपुर के तहत उझाण गांव में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर बिजली बोर्ड के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता यानी जेई को एक महिला ने थप्पड़ जड़ दिया। कनिष्ठ अभियंता की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बिजली बोर्ड के लंबलू सेक्शन के कनिष्ठ अभियंता सनी चंदेल अपने कर्मचारियों के साथ गांव उझाण, डाकघर डिडवी टिक्कर में स्मार्ट मीटर लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान सरवन, प्रकाशो देवी सहित कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ बहसबाजी करने लगे।
आरोप है कि इस दौरान कर्मचारियों के साथ बदतमीजी की गई और गाली-गलौज व धमकियां भी दी गईं। कनिष्ठ अभियंता सनी चंदेल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान प्रकाशो देवी ने उनके साथ मारपीट करते हुए उन्हें थप्पड़ मारे। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाना हमीरपुर में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े तथ्यों एवं आरोपों की पुष्टि की जा रही है।

