हिमख़बर डेस्क
हिमाचल पथ परिवहन निगम के पालमपुर डिपो की सरूट-पालमपुर (वाया क्यारवां, चौकी परमारनगर, धीरा) रूट पर चल रही बस में शुक्रवार को कलूना गांव के पास अचानक आग लग गई।
चालक की सूझबूझ और तत्परता से बस में सवार करीब 25 से 30 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार बस अपने निर्धारित रूट पर सरूट से पालमपुर की ओर जा रही थी। कलूना गांव के पास एक मोड़ पर पहुंचते ही चालक ने बस से धुआं निकलता देखा।
स्थिति को भांपते हुए उसने तुरंत बस रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में बस जलकर खाक हो गई।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग धीरा की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे में सभी यात्री, चालक और परिचालक सुरक्षित बताए गए हैं। बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना के बाद परिवहन निगम की बसों की तकनीकी स्थिति को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निगम की अधिकांश बसें ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित होती हैं और इस तरह की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं।

