800 पदों पर भर्ती से पहले मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण-मार्गदर्शन कार्यक्रम शुरू करने का लिया निर्णय
हिमखबर – डेस्क
प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने और उन्हें प्रतियोगी भर्ती प्रक्रियाओं के लिए सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश पुलिस में 800 कांस्टेबल पदों पर होने वाली भर्ती के अभ्यर्थियों के लिए नि:शुल्क कोचिंग, शारीरिक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
इन पदों के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने नौ जुलाई, 2026 को विज्ञापन जारी किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ युवाओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध करवाना है।
प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित करना चहती है कि आर्थिक अथवा भौगोलिक परिस्थितियां किसी भी योग्य अभ्यर्थी की प्रगति में बाधा न बनें।
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए हैं कि राज्य के सभी सशस्त्र पुलिस वाहिनियां इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए संगठित एवं नि:शुल्क प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम शुरू किए जाएं।
इन कार्यक्रमों में भर्ती प्रक्रिया से संबंधित संपूर्ण जानकारी, लिखित परीक्षा की तैयारी, शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास, प्रेरणात्मक सत्र तथा चयन प्रक्रिया के अन्य सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेषज्ञ पुलिस अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण, दूर-दराज़ एवं जनजातीय क्षेत्रों के उन युवाओं के लिए लाभकारी सिद्ध होगी, जिन्हें कोचिंग व प्रशिक्षण सुविधाएं सहज उपलब्ध नहीं हो पाती हैं।
पुलिस की युवाओं से अपील
हिमाचल पुलिस प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा, स्थान, समयसारिणी तथा पंजीकरण की प्रक्रिया शीघ्र जारी करेगी।
पुलिस विभाग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे अपने निकटतम सशस्त्र पुलिस वाहिनी, जिला पुलिस कार्यालय अथवा पुलिस के आधिकारिक माध्यमों से समय-समय पर जारी होने वाली सूचनाओं पर ध्यान दें।

